
वॉशरूम के टायलेट रोल में लिखी मिली ब्लास्ट की धमकी
जबलपुर (जयलोक)
जबलपुर से हैदराबाद जा रही इंडिगो की फ्लाईट में उस वक्त हडक़ंप मच गया जब फ्लाईट में आपत्तिजनक सामग्री रखे जाने की बात कही गई। आनन-फानन में फ्लाईट की लैंडिंग नागपुर एयरपोर्ट पर करवाई गई। लैंडिंग होते ही विमान में सवार सभी 71 यात्रियों को बाहर निकाला गया और विमान की जाँच शुरू की गई। इस दौरान विमान की एयरपोर्ट पर बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, सीआईएसएफ और महाराष्ट्र पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से फ्लाइट सुबह 8 बजे हैदराबाद के लिए रवाना हुई थी और इसे 9:40 बजे हैदराबाद पहुंचना था। लेकिन उड़ान के दौरान सुबह 9:10 बजे फ्लाइट की नागपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई। नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच की गई और जबलपुर एयरपोर्ट के अधिकारी भी इस घटना के संबंध में संपर्क में रहे। इंडिगो के मैनेजर हिना खान ने बताया कि विमान के कैप्टन के पास इमरजेंसी लैंडिंग के लिए पर्याप्त वजह थी, लेकिन इस बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए हैं और विमान में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी की संभावना से इंकार किया गया है। कंपनी का दावा है कि जल्द ही विमान नागपुर से हैदराबाद के लिए पुन: उड़ान भरेगा।
जबलपुर-बेंगलुरु सीधी फ्लाइट शुरू
आज रविवार से दक्षिण भारत के बेंगलुरु शहर से सीधी फ्लाइट कनेक्टिविटी की शुरूआत हो चुकी है। इंडिगो एयरलाइंस ने रविवार से जबलपुर-बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू कर दी। फ्लाईट शुरू होने से जबलपुर से बेंगलुरू की दूरी महज 2 घंटे 10 मिनट रह गई है।
ऐसा रहेगा शेड्यूल और समय
इंडिगो की यह फ्लाइट बेंगलुरु से दोपहर 12:30 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2:35 बजे जबलपुर पहुँची। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे जबलपुर से यह विमान फिर से उड़ान भरेगा और शाम 5:20 बजे बेंगलुरु पहुंचेगा। इस सीधी उड़ान के शुरू होने से शहर के यात्रियों को काफी राहत मिली है। लंबे समय से इस विमान सेवा की मांग की जा रही थी, जो पूरी हो गई है। फ्लाइट की शुरुआत के साथ ही इसकी 90 प्रतिशत सीटें पहले ही बुक हो चुकी थी। यह सेवा सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शनिवार को उपलब्ध होगी। इस नई फ्लाइट सेवा के शुरू होने से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को नागपुर और भोपाल के रास्ते फ्लाइट पकडऩे की समस्या से छुटकारा मिल गया है।
क्रू मेम्बर ने दी धमकी की जानकारी
विमान में आपत्तिजनक सामग्री रखे होने की जानकारी उस वक्त मिली जब विमान की क्रू मेंबर ज्योतिस्मिता सैकिया बॉशरूम गई। यहाँ टॉयलेट रोल के टुकड़ों पर नीली स्याही से लिखा हुआ था विस्फोट 9 पूर्वांह। जिसके बाद सैकिया ने इसकी जानकारी पायलट को दी। जिसने एरिया ट्रैफिक कंट्रोल, नागपुर को सूचना दी। फ्लाईट को नागपुर डायवर्ट किया गया।

Author: Jai Lok







