
भाजपा और काँग्रेस एक दूसरे पर लगा रहे आरोप
जबलपुर (जयलोक)
जबलपुर के व्यापारियों के निवास और व्यापार के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र कोतवाली एवं लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में इस समय हर किस्म के अपराधियों की गतिविधियां निरंतर बढ़ रहीं हैं। इन अपराधियों को पूरा संरक्षण भी प्राप्त हो रहा है। इन दोनों ही व्यवसायिक इलाकों में जुआ सट्टा खिलाने वाले भी भरपूर तरीके से अपना काम कर रहे हैं। नशे की सामग्रियां खुले आम बिक रही हैं। दोनों थाना क्षेत्र में जिसकी जहां मर्जी होती है वहां खड़े होकर लोग शराब पीना शुरू कर देते हैं वहीं ये अपराधी लोग पुलिस के साथ सेटिंग जमाने में लगे रहते हैं। कोतवाली थाने के अंतर्गत रहने वाले अपराधिक किस्म के लोग लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में भी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
कोतवाली थाना अंतर्गत रहने वाले कुछ जुआडिय़ों और सटोरियों पर कोतवाली पुलिस की विशेष मेहरबानी की खबरें अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कानों तक पहुंच रहीं हैं। कोतवाली थाना तो इसलिए हमेशा चर्चा में रहता है कि यहां पर जो नया थाना प्रभारी आते हैं वह पहले इन सटोरियों को सिर्फ इसलिए पकड़ते हैं और इनका जुलूस निकालते हैं ताकि इनके माध्यम से महीने की और हफ्ते की आने वाली राशि में बढ़ोतरी की जा सके।
जब थाना प्रभारी बदलता है तब होती है कार्रवाही
यह कोरा आरोप नहीं बल्कि इसका जीता जागता प्रमाण यह है कि जिन लोगों के खिलाफ 10 साल से सट्टा जुआ के मुकदमे दर्ज होते जा रहे हैं वह तभी पकड़े जाते हैं जब थाना प्रभारी बदलते हैं। इसके बाद वापस सेटिंग का पूरा नेटवर्क जम जाता है और अगले थाना प्रभारी के आने तक दिल खोलकर जिंदाबलि, क्रिकेट का सट्टा, मटका नंबरों का सट्टा सब चर्चाओं में आ जाता है। आलम यह है कि इन थाना क्षेत्र के अंतर्गत अन्य क्षेत्रों से भी बदमाश आकर जुआ फड़ संचालित करने लगते हैं।

भाजपा विधायक-कांग्रेस पार्षद भी पहुँचे प्रदर्शन में

लॉर्डगंज और कोतवाली थाने के खिलाफ कल हुए प्रदर्शन में अपराधियों के बढ़ते हौंसलों की बातें भी सामने आ चुकी हैं। भाजपा के विधायक अभिलाष पांडे और कांग्रेस के पार्षद हर्षित यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारियों के साथ गल्ला मंडी में एक युवक शुभम अवस्थी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में एकत्रित हुए। जहाँ लोगों ने खुलेआम कोतवाली और लॉर्डगंज पुलिस की हरकतों का खुलासा किया गया।
पार्षद हर्षित यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक युवक पर चाकुओं से जानलेवा हमला करने के बावजूद भी पुलिस को एफआईआर दर्ज करने में 6 घंटे लग गए। यहां मौजूद कुछ पुलिस अधिकारी आरोपियों के संरक्षण देते साफ नजर आ रहे थे। आए दिन जुआ सट्टा और शराबखोरी से पूरा क्षेत्र त्रस्त हो चुका है। लगातार शिकायतों के बावजूद भी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले अपराधिक प्रवृत्ति के लोग लॉर्डगंज और कोतवाली दोनों ही थाना क्षेत्र में सक्रिय है और अनैतिक कृत्यों को अंजाम दे रहे हैं।
पार्षद हर्षित यादव का आरोप
पार्षद हर्षित यादव ने कहा है कि नरेश ठाकुर उसके भतीजे अनुराग और उसके अन्य साथी जुआ सट्टा के लिए पूरे क्षेत्र में बदनाम हैं और उनके ऊपर कई मामले दर्ज है। पार्षद ने आरोप लगाया कि कोतवाली और लॉर्डगंज पुलिस का क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों को विशेष संरक्षण प्राप्त है। लाख शिकायतों के बाद भी पुलिस इनके ऊपर ठोस कार्यवाही करने के बजाय केवल खाना पूर्ति की कार्यवाही करती है ताकि यह एक-दो दिन में वापस अपने अनैतिक कार्यों में सक्रिय हो जाएं और पुलिस की जेब गर्म होती रहे।
लंबे से समय से जमें हवलदार सिपाहियों ने बना लिया है नेटवर्क
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान यह बात भी सामने आई है कि कोतवाली और लॉर्डगंज थाना में लंबे अरसे से जमे हवलदार और सिपहियों ने क्षेत्र के पुराने जुआडिय़ों और सटोरियों से साथ मिलकर इनके अनैतिक और अवैध कार्यों को बढ़ावा दिया है और उनसे कोई हफ्ते में तो कोई महीने के पैसे ले रहा है। पुलिस की गाडिय़ों में डीजल डलवाने से लेकर रात्रि गश्त के लोगों को भोजन करवाने तक की सारी फरमाइश यह अपराधी पूरी करते हैं। उसी का परिणाम है कि पुलिस का डर इन अपराधियों के मन से समाप्त हो गया है। यह मांग की जा रही है कि लंबे समय से जमे सिपाहियों और हवलदारों का तबादला होने के बाद एक नई व्यवस्था स्थापित होनी चाहिए जो क्षेत्र को गुंडे बदमाशों की गतिविधियों से मुक्त कर सकें।
मैं सालों से भाजपा का कार्यकर्ता राजनीतिक कारण से फंसाया जा रहा
इस पूरे घटनाक्रम के बाद बृजेश सिंह ठाकुर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि वह सालों से भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं और इसी कारण से कांग्रेस के पार्षद उनसे राजनीतिक रंजिश रखते हैं और उनके परिवार को झूठा फंसाया जा रहा है। बृजेश ठाकुर ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। दूसरी ओर इन आरोपों के संबंध में पार्षद हर्षित यादव ने कहा कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं पुलिस उनका पुराना पूरा आपराधिक रिकॉर्ड निकाल कर देख ले। यह खुद कह रहे हैं कि भाजपा कार्यकर्ता हैं तो स्पष्ट हो जाता है कि भाजपा किस प्रकार के लोगों को अपनी पार्टी में शामिल किए हुए हैं और अभी तक भाजपा के किसी भी पदाधिकारी द्वारा ऐसे अपराधियों के संबंध में किसी भी प्रकार का बयान सामने नहीं आये है।
एसपी को सौंपा ज्ञापन
शुभम अवस्थी पर हुए जानलेवा हमले के संबंध में कल एसपी ऑफिस में कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पार्षद हर्षित यादव, पार्षद संतोष दुबे, मुकेश राठौर सहित बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रदर्शन के दौरान पार्षद हर्षित यादव, कर्मचारी नेता योगेंद्र दुबे, राम दुबे, कल्ली तिवारी, सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य व्यापारी और नागरिक भी उपस्थित थे।
गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे-अभिलाष पांडे
व्यापारियों के प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि वह किसी भी प्रकार से क्षेत्र में गुंडागर्दी को बढ़ाने नहीं देंगे। संगठित अपराध करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी चाहे वह कोई भी हो। अभिलाष पांडे ने कहा कि बड़े होने की नाते शुभम अवस्थी जो इस हमले में घायल हुआ है उसके इलाज का पूरा खर्च भी मेरे द्वारा वहन किया जाएगा।

Author: Jai Lok







