
पैकौली (देवरिया)
देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र के परसा जंगल में रात में मानसिक रूप से बीमार एक महिला भटकते हुए पहुंच गई। गांव के लोगों ने उसे चोर बताते हुए पिटाई कर दी। महिला के पड़ोस के गांव की होने की जानकारी पर परिजनों को बुलाकर सौंप दिया। आरोप है कि परसा जंगल के पूर्व प्रधान अगले दिन बीमार महिला और उसके पति को जबरन घर से ले गए और अपने गांव में बांधकर पिटाई के साथ ही लोहे के गर्म राड से शरीर पर कई जगह दाग दिया। मामला 13 और 14 सितंबर का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है। उसरा बाजार गांव निवासी उमाशंकर पुत्र नेउर ने पुलिस दी तहरीर में कहा है कि उसका बेटा गुड्डू कोलकाता में नौकरी करता है। गुड्डू की पत्नी संजू मानसिक रूप से बीमार है और गोरखपुर में इलाज चल रहा है। एक सप्ताह पहले गुड्डू कोलकाता से घर आया था। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते संजू अक्सर घर से निकल जाती है। 13 सितंबर की रात वह भटकते हुए बगल के गांव परसा जंगल पहुंच गई। जहां ग्रामीणों ने उसे चोर समझ पकड़ लिया और पिटाई कर दी। अगली सुबह जानकारी होने पर गुड्डू उसे घर ले आया। आरोप है कि 14 सितंबर की देर शाम में परसा जंगल के पूर्व ग्राम प्रधान कमलेश यादव पुत्र बुद्धू अपने दो साथियों के साथ गुड्डू के घर पहुंचा और गुड्डू और संजू को अपने गांव ले जाने लगा। कहा कि संजू का कुछ सामान छूटा हुआ है उसे वापस करना है। मना करने पर जबरन दोनों को लेकर चला गया। आरोप है कि परसा जंगल ले जाकर कमलेश यादव और उसके सहयोगियों ने गुड्डू और संजू को नीम के पेड़ से बांध का पिटाई की। लोहे का सरिया गर्म कर शरीर पर कई जगह दाग भी दिया।

Author: Jai Lok







