
जबलपुर (जयलोक)। बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस के नाम से नगर निगम में दर्ज सफाई ठेका कंपनी बदनाम और ब्लैकलिस्टेड रह चुकी कंपनी है। नगर निगम आयुक्त को शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इस कंपनी पर अमर्यादित आचरण और जुर्माने की करवाई पहले भी हो चुकी है। लेकिन फिर भी ये कंपनी मिली-भगत कर नगर निगम के स्वास्थ विभाग का ठेका लेने के लिए जुगाड़ भिड़ा रही है और निगम के अधिकारी सारी जानकारी होने के बावजूद भी बर्फानी सिक्योरिटी कंपनी को स्वास्थ का ठेका दिलाने में तुले हुए हैं। शिकातकर्ता ने अपने ज्ञापन में कहा कि कभी नगर निगम को ठेके पर सिक्योरिटी गार्ड देने वाली श्री बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस आज की तारीख में शहर की सफाई की मनमानी ठेकेदार बनी हुई है। निगमायुक्त भी कई बार इस कंपनी के खिलाफ कड़े जुर्माने कि कार्यवाही कर चुकी हैं। बीते कई सालों से पार्षद, पक्ष विपक्ष अधिकारी कर्मचारी सबने बर्फानी सिक्योरिटी की सफाई ठेका की मनमानी पर सवाल उठायें हैं। लेकिन इस ठेका एजेंसी के रसूख के आगे हर कोई बौना साबित हो रहा है. अब एक बार फिर शहर की सफाई के लिये कलंक बन चुकी बर्फानी एजेंसी के खिलाफ गंभीर अनियमित्ताओं की शिकायत हुई है। यह शिकायत भाजपा के ही झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ ने की है। भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक दीपक नहार ने निगमायुक्त को सौंपे अपने ज्ञापन में कहा है कि श्री बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस द्वारा दिए गए शपथ पत्र 17 फरवरी 24 में यह स्पष्ट लिखा हुआ है , यदि किसी भी केंद्रीय/राज्य सरकार में मुझे काम करने से वंचित किया जाता है तो उक्त टेंडर से निगम मुझे बाहर कर सकता है। सागर छावनी परिषद के पत्र क्रमांक सीबीएस/377/ई4 12/06/24 में स्पष्ट उल्लेख है की मेसर्स श्री बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस फर्म के द्वारा किए गए कार्य अनुबंध की धारा क्र. 10,14,15,22,26, 31 एवं 42 का उल्लंघन करती है। साथ ही फर्म द्वारा उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया। इसलिए छावनी परिषद सागर ने मेसर्स बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस को 1 वर्ष के लिए प्रतिबंधित किया है।
यहां भी किया घपला
प्रकोष्ठ का कहना है कि दूसरी तरफ नगर निगम से लिये गये टेंडर में निविदा में श्री बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस द्वारा यह घोषणा की है कि मुझे किसी भी बैंक के द्वारा दिवालिया घोषित नहीं किया गया ना ही किसी भी प्रकार का कोई भी वित्तीय प्रकरण किसी बैंक में नहीं चल रहा है , मेरे एव मेरी कंपनी पर किसी भी प्रकार का कोई भी अपराधिक प्रकरण किसी भी न्यायालय के समक्ष नही चल रहा।
उक्त जानकारी पूर्णात: गलत है मेसर्स श्री बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस एवं रितेश टंडन पर कई अपराधिक मामले दर्ज हंै जिनकी सूची लंबी है। कंपनी के द्वारा निविदा में मांगे गए संपूर्ण 155 कर्मचारियों के पीएफ एवं ईएसआईसी चालानों को कूटरचित ढंग से पेश किया गया है जो कि नियम विरुद्ध है।

Author: Jai Lok







