
नई दिल्ली। ब्रैम्पटन स्थित मंदिर पर हुए हमले की घटना ने भारत और कनाडा के रिश्तों में खटास ला दी है। भारत में इस घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। हर तरफ इस घटना की निंदा हो रही है। बता दें कि कनाडा के ओंटारियो के ब्रैम्पटन शहर में स्थित एक हिंदू मंदिर में श्रद्धालुओं पर उस वक्त हमला हुआ जब वहां लोग पूजा कर रहे थे।
आज कनाडा में एक हिंदू मंदिर पर हमले के विरोध में दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित कनाडा दूतावास पर लोगों ने प्रदर्शन किया। कनाड़ा दूतावास की ओर जा रहे हिंदू सिख ग्लोबल फोरम के लोगों को पुलिस ने तीन मूर्ति मार्ग पर रोक लिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी पुलिस के बैरिकेड पर चढ़ गए।
हिंदू मंदिर पर हुआ था हमला
उल्लेखनीय है कि सोमवार को कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग ने ब्रैम्पटन के हिंदू सभा मंदिर में कॉन्सुलेट कैंप का आयोजन किया था। इस कैंप के दौरान खालिस्तान समर्थकों ने हाथ में खालिस्तानी झंडा लेकर विरोध प्रदर्शन किया और कैंप में मौजूद भारतीयों पर हमला किया और उन्हें मारा-पीटा। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें खालिस्तान समर्थक भारतीयों पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद कनाडा में रह रहे हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की।

Author: Jai Lok







