
जबलपुर (जयलोक)। कटंगी थाना अंतर्गत आज सुबह एक 15 साल के नाबालिग बालक ने अपनी ही छोटी बहन की त्रिशूल मारकर जान ले ली। आरोपी नाबालिग इस बात से नाराज था कि उसकी 14 वर्षीय बहन पड़ोस में रहने वाले एक 17 वर्षीय युवक से बात कर रही थी। आरोपी ने जब अपनी बहन और पड़ोसी युवक को मोटर साइकिल में बैठते देखा तो वह आगबबूला हो उठा और गुस्से में आकर बहन पर त्रिशूूल से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसे पकडऩे के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
घटना कटंगी के वार्ड 6 पंचमपुरा की है। आज सुबह यहां रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग पड़ोस में रहने वाले 17 वर्षीय नाबालिग से बात कर रही थी। इस बीच उसके उसका 15 वर्षीय भाई दूर खड़े होकर दोनों की बातें सुनता रहा। जब नाबालिग बालिका अपने पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ मोटर साइकिल में बैठकर जाने के लिए तैयार हुई उसी दौरान नाबालिग बालिका के भाई ने मोटर साइकिल को धक्का दे दिया। जिससे आरोपी की बहन और पड़ोसी मोटर साइकिल से गिर गए। आरोपी को गुस्से देख पड़ोसी युवक भाग निकला। लेकिन नबालिग बहन जमीन पर ही पड़ी रही। आरोपी ने त्रिसूल निकाला और बहन के सीने पीठ और कमर पर वार कर दिया।
जिससे वह लहुलुहान हो गई। बहन को लहुलुहान हालत में तड़पता छोड़ भाई मौके से फरार हो गया। गांव वालों ने जब यह नजारा देखा तो नाबालिग बालिका को तुरंत इलाज के लिए कटंगी अस्पताल ले जाया गया जहाँ उसकी हालत को देखकर मेडिकल रेफर किया गया। लेकिन यहां उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि बड़ा भाई अपनी बहन को कई बार पड़ोसी युवक से बातचीत करने के लिए मना कर चुका था। पुलिस ने आरोपी नाबालिग पर हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
समय पर नहीं मिली एम्बुलेंस
इस मामले में ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है उनका कहना है कि स्वास्थ्य व्यवस्थाएं ग्रामीण क्षेत्रों से दूर हैं। जब यह घटना घटी उस समय घायल नाबालिग को अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस नहीं मिली जिसके कारण नाबालिग को हाथ ठेले में रखकर अस्पताल पहुँचाया गया।
ग्रामीणों पर भी हमले की कोशिश
ग्रामीणों ने जब यह घटना देखी तो उन्होंने आरोपी भाई को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन आरोपी ग्रामीणों पर भी त्रिसूल से हमला करने लगा। जिसे देख ग्रामीण पीछे हट गए और आरोपी जंगल की ओर भाग गया।
कई बार घूमते हुए पकड़ा
पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी ने अपनी बहन को पड़ोस के युवक के साथ कई बार घूमते हुए भी पकड़ा है। उसने अपनी बहन को कई बार समझाया लेकिन वह नहीं मानी। जिसके बाद आरोपी ने बहन के साथ मारपीट भी की।
पहले भी कर चुका मारपीट
पुलिस को जाँच में यह बात पता चली है कि आरोपी अपनी बहन के साथ पूर्व में कई बार मारपीट कर चुका है। वह अपनी बहन के चरित्र पर शक करता था। उसे शक था कि उसकी बहन का पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग है। जिसके कारण वह अपनी बहन से नाराज रहता था।
इनका कहना है
14 साल की नाबालिग पर उसके ही भाई ने त्रिसूल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ में पता चला है कि बच्ची पड़ोस में ही रहने वाले युवक से बात करती थी जिससे उसका भाई नाराज रहता था। कई बार तो आरोपी ने बहन को पड़ोस के युवक के साथ घूमते हुए भी देखा था। जिसके बाद आज सुबह भाई ने अपनी बहन की हत्या कर दी।
पूजा उपाध्याय,
कटंगी थाना प्रभारी

Author: Jai Lok







