जबलपुर (जय लोक)
नगर निगम जबलपुर की नवगठित पांच सदस्यों की मेयर इन काउंसिल की आज पहली बैठक महापौर जगत बहादुर से अन्नू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में नगर निगम के वर्ष 2023- 24 के पुनरीक्षित एवं वर्ष 2024 -25 के अनुमानित बजट पर विचार किया गया। विचार के उपरांत बजट को सदन की स्वीकृति के लिए अग्रेषित कर दिया गया। अब नगर निगम के सदन की बैठक में महापौर द्वारा बजट प्रस्तुत किया जाएगा। तभी बजट के प्रावधान भी सार्वजनिक होंगे। सदन में बजट पर पक्ष-विपक्ष के पार्षद अपने विचार व्यक्त कर सुझाव देंगे। इसके पश्चात ही नगर निगम का बजट स्वीकृत होगा।
जबलपुर का नाम जाबालीपुरम करवाएंगे महापौर
नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक में आज महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने जबलपुर का नाम जाबालीपुरम करने का निश्चय किया।जब श्रीमती सुशीला सिंह महापौर थी तब उनके कार्यकाल में जगतबहादुर सिंह अन्नू के प्रस्ताव पर जबलपुर का नामकरण जाबालिपुरम करने का नगर निगम द्वारा प्रस्ताव पारित किया जा चुका है।
पूर्व में पारित प्रस्ताव पर महापौर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से भेंट कर शासन से जबलपुर का नाम बदलकर जाबालीपुरम किए जाने के प्रस्ताव को शासन से मंजूर करने की दिशा में पहल करेंगे।
