प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेना है निर्णय
जबलपुर (जयलोक)
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की मध्य प्रदेश में उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा अब मध्य प्रदेश से बिदा हो गई है। अभी तक इस यात्रा में प्रदेश के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी लगातार व्यस्त रहे हैं। लेकिन अब राहुल गांधी की यात्रा से फुर्सत होते ही प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी अब किसी भी समय नगर कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकते हैं।
महापौर तथा नगर कांग्रेस के अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू को कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए एक माह का समय हो गया है। लेकिन इतना लंबा समय बीत जाने के बाद भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर कांग्रेस के नए अध्यक्ष पद के लिए किसी भी नेता की नियुक्ति नहीं की है। इसी तरह नगर निगम में कांग्रेस के पार्षदों के नए नेता के नाम का भी ऐलान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को ही करना है। अब यह उम्मीद की जा रही है कि नगर कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के नाम का ऐलान अब जल्द हो जायेगा। नगर कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए शहर के कई कांग्रेसी नेताओं ने दावेदारी की है इस दावेदारी के कारण ही अध्यक्ष पद के लिए कोई एक सर्वसम्मत नाम तय नहीं हो पाया है। इसी तरह नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल के नेता के लिए भी कई पार्षद दावेदार हैं इसीलिए सारा मामला प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के ऊपर छोड़ गया है कि वहीं नगर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा करें। यह घोषणा अब कभी भी हो सकती है।
लोकसभा के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार के ऐलान का इंतजार
जबलपुर (जयलोक)। 2024 में होने जा रहे हैं लोकसभा के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पिछले दिनों अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा द्वारा घोषित हुए लोकसभा के उम्मीदवार आशीष दुबे ने अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत भी कर दी है। अब भाजपा के उम्मीदवार के खिलाफ कांग्रेस किस नेता को अपना उम्मीदवार बनाती है इसको लेकर कांग्रेसी तथा शहर के लोग भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लोकसभा के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार के लिए नगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री दिनेश यादव का नाम सबसे ज्यादा चर्चाओं में है। वे पिछड़े वर्ग का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। वहीं एक महिला नेत्री अंजू सिंह बघेल का नाम भी पहले से ही लोकसभा चुनाव के लिए चर्चा में आ चुका है। कांग्रेस के जिम्मेवार लोग यह दावा कर रहे हैं कि दिनेश यादव या अंजू सिंह बघेल के नाम में से ही किसी एक के नाम का ऐलान कांग्रेस के लोकसभा के लिए उम्मीदवार के लिए हो सकता है। अब दिल्ली में भी कांग्रेस हाई कमान की बैठक उम्मीदवारों के चयन के लिए शुरू हो चुकी है। यह उम्मीद की जा रही है कि कांग्रेस भी बहुत शीघ्र लोकसभा के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर देगी।
