Download Our App

Follow us

Home » Uncategorized » राममय हुई संस्कारधानी मंत्री ने बजाया शंख, महापौर ने की आरती

राममय हुई संस्कारधानी मंत्री ने बजाया शंख, महापौर ने की आरती

राम नाम में धर्मधानी बना शहर
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठ होते ही शहर में गूंजी जयश्री राम का जयघोष
जबलपुर (जयलोक)
अयोध्या में भगवान राम के नव विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शहर में भव्य आयोजन किये जा रहे हैं। पूरा शहर भगवा रंग में रंग गया है शहर के साथ साथ मंदिरों, सरकारी भवनों में रंग बिरंगी विद्युत छटा नजर आ रही है। चारों तरफ  भगवा ध्वज लहरा रहे हैं। जगह-जगह मंदिरों में अखंड रामायण पाठ, हनुमान चालीसा, सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
भगवान श्रीराम की स्तुति में पूरा शहर राममय नजर आ रहा है। जिले का मुख्य आयोजन नर्मदा के पावन तट ग्वारीघाट में किया जाएगा यहाँ 51 हजार दीप प्रज्जवलित कर दीपोत्सव मनाने की तैयारी की गई है। वहीं शहर में हर घर में राम ज्योति प्रज्जवलित की जायेगी। विभिन्न संस्थाओं द्वारा घर-घर दीपक बाती व तेज वितरण भी किया गया। कुछ एक संस्थायें शाम को दिया बाती लेकर घर-घर पहुंचेंगे और हर घर में कम से कम 5 दीपक दीपोत्सव की तरह प्रज्जवलित किये जायेंगे। रामलीला समितियों द्वारा शानदार आतिबाजी की जायेगी।
मंदिरों में हुई विशेष तैयारियां- राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए शहर के मंदिरों में भी विशेष तैयारियां की गईं। शहरभर में भंडारे और धार्मिक आयोजन चल रहे हैं। इसके साथ ही मंदिरों में विशेष सजावट की गई है। शाम होते ही घर घर पूजन के साथ दिए जलाए जाएंगे और आतिशबाजी के साथ पटाखे फोड़े जाएंगे। सीधा प्रसारण देखने टीवी के सामने बैठे रहे रामभक्त- अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखने के लिए शहरवासी कई दिनों से बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। आज जब वह दिन आ गया तो सुबह से ही रामभक्त टीवी के सामने बैठ गए। शहर की गलि मोहल्लों, मुख्य चौराहों पर एलइडी स्क्रीन लगाई गई। जिसमें बड़ी संख्या में रामभक्तों ने प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
गौरीघाट में दीपोत्सव- आज शाम 6 बजे से दीपोत्सव का आयोजन प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मुख्यातिथ्य में किया गया है। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधि और साधु संत व आम नागरिक नर्मदा तट पर एकत्रित होकर 51 हजार दीप प्रज्जवलित कर श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठिा पर दीपोत्सव मनायेंगे। श्री सिंह ने इस अवसर पर शहर की जनता से अपील करते हुए हर घर से एक दीपक लाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में 550 साल बाद भगवान राम अपने मंदिर में विराजमान हुए हैं। जब भगवान लंका विजय कर अयोध्या पहुंचे थे, तो उस समय भारत में सभी लोगों ने दीपोत्सव मनाकर खुशी जताई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया है कि का दिन दिपावली की तरह मनाया जाए आज पूरा देश राममय होगा। उन्होंने कहा कि शहरवासी माँ नर्मदा के पावन तट पर दीवाली मनाएंगे। 51 हजार दीपों के साथ मां का श्रृंगार किया जाएगा। श्री सिंह ने जबलपुर वासियों से अपने घर से एक दीप प्रज्वलित कर इस दीपोत्सव के सहभागी बनने की अपील की है।
यादव कालोनी चौक पर मनाई जाएगी दीवाली – यादव कालोनी चौक में शनिवार को भी दीवाली मनायी जायेगी। कार्यक्रम संयोजक भाजयुमो के पूर्व नगर अध्यक्ष रंजीत पटेल ने बताया कि अयोध्या में नवनिर्मित भगवान श्री राम मंदिर के लोकार्पण एवं रामलला मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर आज शाम 7 बजे से यादव कॉलोनी चौक पर प्रभु श्री राम जी के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति के साथ राम ज्योति जलाई जायेगी। राम भोग का वितरण कर आतिशबाजी कर दिवाली मनाई जायेगी। सभी राम भक्तों से इस आयोजन में उपस्थिति की अपील की हैं।
गोविंदगंज रामलीला में श्री राम का अभिषेक – राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के तहत गोविंदगंज रामलीला समिति द्वारा गत दिवस सभी पवित्र नदियों के जल से भरे कलश की प्राण प्रतिष्ठा की गई। आज इसी जल से भगवान श्री राम का अभिषेक और राम जन्म सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कल 23 जनवरी को महाआरती भंडारा का आयोजन होगा।
मालवीय चौक भोग वितरण आज- अयोध्या में नवनिर्मित भगवान श्रीराम मंदिर के लोकार्पण एवं रामलला मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर समरसता सेवा संगठन द्वारा सर्व समाज की सहभागिता से आज सामूहिक सुंदरकांड पाठ एवं बैंड की मधुर धुन की प्रस्तुति से राम स्तुति का कार्यक्रम एवं राम भोग के वितरण का आयोजन शहर के हृदय स्थल मालवीय चौक में किया जा रहा है। समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन ने बताया कि समरसता सेवा संगठन द्वारा सर्व समाज की सहभागिता से सामूहिक सुंदरकांड पाठ का संगीतमय आयोजन किया जाएगा साथ ही बैंड दल द्वारा संगीतमय धुनों की प्रस्तुति दी जा रही है।
गायत्री परिवार द्वारा दीप यज्ञ- गायत्री परिवार ट्रस्ट परिवार द्वारा आज गायत्री शक्तिपीठ, मनमोहन नगर में 11 बजे से 1 बजे तक राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। उसके उपरांत संगीतमय सुंदरकांड एवं वॉइस ऑफ  प्रज्ञा की टीम के द्वारा श्री राम प्रभु के नाम एक संगीत संध्या आयोजित की गई। उसके उपरांत 1001 दीपकों के द्वारा विशाल दीप यज्ञ किया जाएगा। कल 23 जनवरी को गायत्री शक्तिपीठ की स्थापना दिवस पर भंडारे का आयोजन वसिया जाएगा।
गढ़ा रामलीला में होगा हनुमान चालीसा- श्री रामलीला समिति गढ़ा में आज सिद्ध मंच पर सामूहिक हनुमान चालीसा, श्री राम संकीर्तन हवन एवं आरती की गई। इसके उपरांत बैंड द्वारा भजनों की धुन, दुल दुल घोड़ी नृत्य आतिशबाजी एवं भोजन प्रसाद वितरण किया गया।
21 चौराहों में हुआ शंखनाद- अयोध्या में भगवान श्रीराम के नव विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आज दोपहर 12 बजे पश्चिम विधानसभा के 21 चौराहों में एक साथ शंखनाद किया गया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ब्राह्मणों के साथ शंकराचार्य चौक में उपस्थित रहे साथ ही अयोध्या में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण भी देखा गया। पश्चिम विधानसभा के शंकराचार्य चौक छोटी लाइन फाटक, आनंद कुंज, बीटी तिराहा, एकता चौक, गुलौआ चौक, गौतम जी मढिया, धनवंतरी नगर चौक, पिसनहरी मढिया, शास्त्री नगर चौक, गोरखपुर गुलाटी चौक, आजाद चौक,  गोरखपुर,  ग्रेनीडियर चौक, आजाद चौक, रामपुर, बादशाह हलवाई मंदिर, रेत नाका ग्वारीघाट, झंडा चौक, ग्वारीघाट में एक समय पर एक साथ शंखनाद किया गया।
कृषि उपज मंडी में भंडारा- थोक आलू प्याज व्यापारी संघ द्वारा कृषि उपज मंडी में आज सुबह 8 बजे से सुंदर काण्ड का आयोजन किया गया। जिसके तत्पश्चात विशाल भंडारा आयोजित किया गया।

Jai Lok
Author: Jai Lok

Leave a Comment

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » राममय हुई संस्कारधानी मंत्री ने बजाया शंख, महापौर ने की आरती
best news portal development company in india

Top Headlines

Live Cricket