जबलपुर (जयलोक)। भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली विधानसभा के चुनाव में आज हुई एतिहासिक जीत को लेकर शहर में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और सभी इस जीत पर खुशियाँ मना रहे हैं। दिल्ली में मिली भाजपा की जीत पर भाजपा के नेताओं का यह मानना है कि दिल्ली के निवासियों ने इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटियों पर विश्वास करके भाजपा को विजय बनाया है। दिल्ली वासियों को यह विश्वास हो गया है कि भाजपा ही उनकी वास्तविक हितैशी है। शहर में भाजपा के कार्यकर्ता मिठाईयाँ भी खिला रहे हैं। वहीं आज शाम 4 बजे मालवीय चौक पर भी मिठाई का वितरण कार्यक्रम भाजपा की ओर से किया जा रहा है।
शहर के नेता और कार्यकर्ता भी गए थे प्रचार करने
दिल्ली विधानसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में भारतीय जनता पार्टी के मंत्री, सांसद, विधायक तथा अन्य कार्यकर्ता भी प्रचार करने के लिए गए थे। उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिलाष पांडे ने कई चुनावी सभाओं को दिल्ली में संबोधित किया। कांगे्रस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा तथा अन्य कांगे्रसी नेता भी प्रचार करने दिल्ली गए थे।
इस बार तय था कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी-मंत्री राकेश सिंह
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा है कि इस बार पहले से ही दिल्ली में यह तय था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से दिल्ली की जनता का पहले से ही मोह भंग हो गया था। उन्होंने कहा कि यह कितनी शर्मनाक बात है कि जो अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री बनाने और बिगाडऩे की बात करते थे वे खुद ही चुनाव हार गए। स्पष्ट है कि जनता ने आम आदमी पार्टी को कितनी बुरी तरह से नकारा है।
अब दिल्ली में भी चलेगी डबल इंजन की सरकार-महापौर
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर कहा है कि 27 वर्षों के बाद दिल्ली के नागरिकों ने भारतीय जनता पार्टी को जीत दिलाकर यह सिद्ध कर दिया है कि यह जीत दिल्ली के निवासियों की ही है। विकास के लिए तरस रहे दिल्ली वासियों को अब आने वाले पाँच वर्षों में विकास की गति देखने मिलेगी और अब दिल्ली में भी डबल इंजन की सरकार चलेगी।
दिल्ली को 27 साल की आपदा से मुक्ति मिली-रत्नेश सोनकर, भाजपा नगर अध्यक्ष
दिल्ली को 27 साल की आपदा से मुक्ति मिली है। पिछले 15 सालों से अरविंद केजरीवाल झूठे वादे कर दिल्ली वासियों को ठग रहे थे। अरविंद केजरीवाल ने झूठे मायाजाल में बरगलाया। इसी का परिणाम है कि आज दिल्ली वासियों का आम आदमी पार्टी से भरोसा उठ गया और 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की जीत हुई है। भाजपा के शासनकाल में दिल्ली ऐतिहासिक राज्य बनेगा।
काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती-अजय विश्नोई
पाटन क्षेत्र के विधायक श्री अजय विश्नोई ने दिल्ली में भाजपा की जीत पर कहा कि चुनाव में भाजपा की विजय और केजरीवाल की हार ने यह सिद्ध कर दिया कि काठ की हांडी बार-बार चूल्हे पर नहीं चढ़ती। दिल्ली की जनता ने केजरीवाल की सच्चाई समझ ली है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ विकास की दिशा में कदम उठाया है। दिल्ली की जनता को धन्यवाद। भाजपा नेतृत्व को प्रणाम। कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत को सलाम।
दिल्ली में सत्य की जीत-अशोक रोहाणी
केंट क्षेत्र के विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार का सबसे बड़ा कारण भ्रष्टाचार है। अरविंद केजवरीवाल ने सत्ता में रहते हुए कई भ्रष्टाचार किए। लोगों से बड़े-बड़े वादे किए जिसे वे पूरे नहीं कर पाए। जनता ने अरविंद केजरीवाल की नियत को पहचान लिया है और इसका जवाब चुनाव में दिया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी पर दिल्ली के निवासियों का विश्वास चुनाव परिणाम के रूप में सामने आ रहा है। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनना यह दिखाता है कि दिल्ली वासियों का भाजपा पर भरोसा है।
सबको परखने के बाद भाजपा पर भरोसा-इंदु तिवारी
विधायक इंदु तिवारी ने दिल्ली में भाजपा की जीत पर कहा कि दिल्ली की जनता ने 27 साल बाद भाजपा को मौका दिया है। इस दौरान दिल्ली की जनता ने कांगे्रस और आम आदमी पार्टी पर भी भरोसा जताया। लेकिन दोनों ही पार्टी दिल्ली के विकास और जनता से किए गए वादों पर खरी नहीं उतर सकीं। 27 साल बाद यहां भाजपा की जीत होना यह बताती है कि अब भी दिल्ली की जनता को भाजपा पर भरोसा है। यह देश के विकास की जीत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की जीत-शरद अग्रवाल
भारतीय जनता पार्टी व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल ने देश की राजधानी दिल्ली में चुनाव हुए जिसमें भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत हुई। श्री अग्रवाल ने कहा यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की जीत है यह भाजपा के कार्यकर्ताओं की जीत है दिल्ली में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिलते हुए भारतीय जनता पार्टी अपनी जीत हासिल कर रही है इस पर श्री अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त किया।
धन-बल का उपयोग कर चुनाव परिणाम बदला-सौरभ शर्मा
कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आए नतीजों को लेकर शंका जताई। श्री शर्मा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस के पक्ष में माहौल था। लेकिन भाजपा ने एक बार फिर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की और धन बल का उपयोग कर चुनाव परिणाम को अपने पक्ष में ले लिया।
