
संजय सिन्हा वरिष्ठ पत्रकार
जबलपुर (जयलोक)। कल मैं एक शादी में गया था। जबलपुर के एक नए और बेहद भव्य होटल ग्रैंड हेवेन में। शादी शरद अग्रवाल जी के पुत्र की थी। मेहमानों की इतनी भीड़ थी कि मैं हैरान था। इतना बड़ा आयोजन, इतनी शानदार व्यवस्था और इतना खूबसूरत होटल। मैं सोच रहा था कि जबलपुर भी अब बड़े शहरों की तरह बदल रहा है। यहां भी ऐसे होटल खुलने लगे हैं, जिनकी भव्यता देखकर आदमी ठिठक जाए। लेकिन मेरी असली हैरानी तब शुरू हुई, जब किसी ने मुझे बताया कि यह होटल इंडियन कॉफी हाउस ने बनाया है।
मैंने दोबारा पूछा, वही इंडियन कॉफी हाउस? जबलपुर में सदर वाला? जहां डोसा मिलता है, इडली मिलती है, सांभर मिलता है और जहां सफेद वर्दी में सिर पर पगड़ी लगाए वेटर बड़ी विनम्रता से कॉफी परोसते हैं?
जवाब मिला, जी हां, वही इंडियन कॉफी हाउस। मैं कुछ देर के लिए अतीत में खो गया।जब मैं छोटा था, कॉलेज में पढ़ता था, तब भोपाल के न्यू मार्केट स्थित इंडियन कॉफी हाउस से मेरा पहला परिचय हुआ था। उस समय इंडियन कॉफी हाउस हमारे लिए सिर्फ खाने की जगह नहीं था। वह एक संस्कृति थी। वहां बैठना अपने आप में एक अनुभव था। जेब में पैसे कम होते थे, लेकिन कॉफी हाउस में बैठने का शौक बड़ा था। वहां की कॉफी, मसाला डोसा और सांभर का स्वाद आज भी मेरी यादों में सुरक्षित है।इंडियन कॉफी हाउस की एक खासियत रही है। आप देश के किसी भी शहर में चले जाइए, उसका स्वाद आपको अपना सा लगेगा। वही सादगी, वही सफेद वर्दी, वही पगड़ी और वही भरोसा। बड़े बड़े रेस्तरां आए, विदेशी कंपनियां आईं, खाने की दुनिया बदल गई, लेकिन इंडियन कॉफी हाउस ने अपनी पहचान नहीं बदली। उसने स्वाद को फैशन नहीं बनने दिया। स्वाद को विश्वास बनाए रखा।कल जब मैं ग्रैंड हेवेन में खड़ा था, तब मुझे पहली बार इस संस्था का इतिहास जानने की उत्सुकता हुई। पता चला कि यह कहानी किसी बड़े उद्योगपति की नहीं, बल्कि उन मजदूरों की है, जिनकी नौकरियां छिन गई थीं।भारत में कॉपुी हाउस की शुरुआत अंग्रेजों के जमाने में हुई थी। 1930 के दशक में कॉफी बोर्ड ने कॉफी को लोकप्रिय बनाने के लिए देश में कॉफी हाउस खोलने शुरू किए। आजादी के बाद भी ये चलते रहे। लेकिन 1950 के दशक में घाटे के कारण कई कॉफी हाउस बंद करने का फैसला हुआ। सैकड़ों कर्मचारियों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया।तब एक विचार सामने आया कि क्यों न कर्मचारी खुद मिलकर कॉफी हाउस चलाएं? इस विचार को पंडित जवाहरलाल नेहरू का समर्थन मिला। कम्युनिस्ट नेता ए.के. गोपालन ने भी कर्मचारियों को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रमिक सहकारी समितियां बनीं। मतलब जो कल तक नौकरी करते थे, वे अब अपनी संस्था के मालिक बनने जा रहे थे।जबलपुर में 1958 में सिर्फ सोलह कर्मचारियों ने मिलकर इंडियन कॉफी वर्कर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी की शुरुआत की। कुल पूंजी थी मात्र 1365 रुपये।जी हां, सिर्फ एक हजार तीन सौ पैंसठ रुपये।सोचिए, सोलह लोग, 1365 रुपये और एक सपना। न कोई बड़ा उद्योगपति, न कोई विशाल कारोबारी घराना। सिर्फ मेहनत करने वाले कुछ लोग और अपने पैरों पर खड़े होने का संकल्प।शुरुआती वर्षों में संघर्ष हुआ। आर्थिक परेशानियां आईं। लेकिन संस्था चलती रही। फिर 1981 में ओ.के. राजगोपालन के नेतृत्व में इसके विस्तार को नई गति मिली। नई शाखाएं खुलीं, काम बढ़ा, कर्मचारियों की संख्या बढ़ी और कॉफी हाउस का नाम दूर दूर तक पहुंचने लगा।आज जबलपुर की यह सहकारी संस्था देश के अनेक राज्यों में अपना कारोबार फैला चुकी है। इसकी वेबसाइट पर 194 शाखाओं और 21 राज्यों तक गतिविधियों का उल्लेख है। रेस्तरां के अलावा होटल, औद्योगिक कैंटीन, कैटरिंग और अतिथि गृह तक इसका काम पहुंच चुका है। लेकिन इस पूरी कहानी की सबसे खूबसूरत बात कुछ और है।इंडियन कॉफी हाउस की बुनियाद मालिक और नौकर के रिश्ते पर नहीं, बल्कि सहकारिता पर रखी गई थी। कर्मचारी ही संस्था के सदस्य बने। उन्होंने अपने प्रतिनिधि चुने। उन्होंने मिलकर कारोबार चलाया। जिस व्यवस्था ने उनकी नौकरी छीन ली थी, उसी व्यवस्था के भीतर उन्होंने अपने लिए एक नई दुनिया खड़ी कर ली।अब उसी दुनिया का एक भव्य रूप जबलपुर के करमेता में ग्रैंड हेवेन के रूप में खड़ा है। सौ कमरों वाला होटल, विशाल आयोजन स्थल और आधुनिक सुविधाएं। यह सिर्फ एक इमारत नहीं है। यह सोलह मजदूरों के सपने का विस्तार है।कल शरद अग्रवाल जी के पुत्र की शादी में आए मेहमानों की संख्या देखकर मैं चकित था। होटल अभी नया-नया खुला है। मुझे बताया गया कि संभवत: यह यहां होने वाले शुरुआती बड़े आयोजनों में से एक है। मैं मन ही मन मुस्कुराया कि संजय सिन्हा भी इस ऐतिहासिक सफर के एक नए पड़ाव के गवाह बन गए। हालांकि यह होटल का पहला आयोजन था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि मेरे पास नहीं है।मुझे नहीं पता कि इस होटल को बनाने में कितने करोड़ रुपये खर्च हुए। मुझे यह भी नहीं पता कि आज इस सहकारी संस्था की कुल संपत्ति कितनी है। लेकिन मुझे इतना जरूर पता है कि 1365 रुपये से शुरू हुई यात्रा का इस मुकाम तक पहुंचना अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि है।मैं सोच रहा था कि सफलता आखिर किसे कहते हैं? क्या सफलता सिर्फ बहुत सारा पैसा कमा लेना है? क्या सफलता बड़ी इमारत खड़ी कर देना है? या सफलता यह है कि आदमी अपनी जड़ों को बचाए रखते हुए इतना आगे निकल जाए कि दुनिया उसे देखकर हैरान रह जाए?इंडियन कॉफी हाउस ने अपनी जड़ें नहीं छोड़ीं। आज भी उसकी पहचान वही कॉफी है, वही डोसा है, वही सांभर है और वही पगड़ी पहने कर्मचारी हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि कभी जिन कर्मचारियों को अपनी नौकरी बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ा था, उनकी बनाई संस्था आज दूसरों को रोजगार देने और बड़े होटल चलाने की स्थिति में पहुंच गई है।मैंने जिंदगी में बहुत से बड़े होटल देखे हैं। देश में भी, विदेश में भी। लेकिन कल ग्रैंड हेवेन को देखकर जो खुशी हुई, वह किसी पांच सितारा होटल को देखकर नहीं हुई थी।
क्योंकि वहां सिर्फ एक होटल नहीं खड़ा था। वहां मेहनत का इतिहास खड़ा था। वहां सहकारिता का विश्वास खड़ा था। वहां सोलह मजदूरों का आत्मसम्मान खड़ा था।और मुझे भोपाल के न्यू मार्केट का वह पुराना इंडियन कॉफी हाउस याद आ रहा था, जहां कभी कॉलेज में पढऩे वाला एक लडक़ा कॉफी पीने जाया करता था।उस लडक़े ने तब कहां सोचा था कि एक दिन वह उसी कॉफी हाउस की सफलता की कहानी लिखेगा।कल मैंने शादी में सिर्फ लोगों को नहीं देखा। मैंने एक सपने को जवान होते देखा।सच कहूं तो 1365 रुपये से सौ कमरों के आलीशान होटल तक पहुंचने की यह कहानी हमें बताती है कि आदमी गरीब हो सकता है, उसके पास पूंजी कम हो सकती है, लेकिन अगर उसके पास मेहनत, ईमानदारी और साथ चलने वाले लोग हों, तो उसके सपनों को कोई गरीब नहीं बना सकता।इंडियन कॉफी हाउस को इस शानदार सफर के लिए बहुत बहुत बधाई।

सरकारी ठेकों में कम बोली पर शिकंजा 30 फीसदी से अधिक छूट पर होगी जाँच




