
ईमेल में लिखा- मंदिर-बसों में भी धमाके होंगे, गृहमंत्री ने जालंधर के मंदिर में माथा टेका
जालंधर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जालंधर में होने वाली रैली में बम की धमकी मिली है। कैंब्रिज स्कूल को भेजे ई-मेल में दावा किया गया कि रैली के स्टेज के नीचे आईइडी रखा गया है। पुलिस के मुताबिक सुबह 7:07 बजे भेजे गए ई-मेल में शहर के स्कूलों, देवी तालाब मंदिर और बसों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसके बाद से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। इस बीच गृहमंत्री शाह जालंधर में श्री देवी तालाब मंदिर पहुंचे। यहां माथा टेकने के बाद वह परागपुर में रैली के लिए रवाना हो गए। वह मंच पर पहुंच गए हैं। यहां वह बीजेपी की नशामुक्त पंजाब यात्रा का समापन करेंगे। इसके बाद रैली को संबोधित करेंगे।

शाह को चाणक्य के रूप में देखा जाता है-केवल सिंह ढिल्लों
पंजाब के भाजपा प्रधान केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का पंजाब की धरती पर स्वागत है। आज का दिन रैली का नहीं नशे के खिलाफ आवाज उठाने का है। अमित शाह का आना इस तरह लग रहा है जैसे अंधेरी रात के बाद चांदनी रात आई हो। देश के गृह मंत्री को धारा 370 को खत्म करने के रूप के साथ साथ चाणक्य के रूप में देखा जाता है।

आप सरकार की वजह से पंजाब में नशा बढ़ा-सुशील कुमार रिंकू
जालंधर से पूर्व सांसद और भाजपा नेता सुशील कुमार रिंकू भी रैली में पहुंचे। रिंकू ने कहा कि आप सरकार की वजह से पंजाब में नशा बढ़ा है। पंजाब सरकार नशे का डेटा भी हाइड कर रही है, ताकि सही डेटा लोगों को पता ही न चल सके।

रैली में पहुंचे व्यक्ति को हार्ट अटैक आया
रैली में पहुंचे व्यक्ति को हार्ट अटैक आ गया। सिक्योरिटी में लगे लोगों ने तुरंत एंबुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पंडाल में एंट्री के लिए गेट पर चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान व्यक्ति गिर गया। उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
बीजेपी ड्रग नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध-जयबीर शेरगिल
भाजपा के नेशनल स्पोक्सपर्सन जयबीर शेरगिल ने कहा कि पार्टी द्वारा पंजाब में शुरू की गई नशा विरुद्ध एवं नशा मुक्त यात्रा और उसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जालंधर दौरा इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि पार्टी राज्य से ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शाह के लिए दो हेलीपैड बनाए गए
गृहमंत्री के आने से पहले देवी तालाब मंदिर के साथ लभू राम दोआबा स्कूल की ग्राउंड में हेलीपैड बनाया गया है और दूसरा हेलीपैड रैली स्थल से कुछ ही दूरी पर बनाया गया है। भाजपा नेता केडी भंडारी ने बताया कि अमित शाह का यह दौरा भाजपा में जान फूंकेगा। गृहमंत्री पहले शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मां त्रिपुल मालिनी मंदिर में नतमस्तक होकर मां का आशीर्वाद लेंगे और उसके बाद में रैली स्थल पर जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि 30 सितंबर की महारैली को केवल राजनीतिक कार्यक्रम के बजाय पंजाब को नशा के खिलाफ जागरूक करने वाली बड़ी मुहिम के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
नशा मुक्त यात्रा का जालंधर में होगा समापन
गृह मंत्री के दौरे से पहले पंजाब बीजेपी की तरफ से निकाली जा रही नशा मुक्त पंजाब यात्रा का जालंधर में स्वागत के साथ समापन होगा। पंजाब में बीजेपी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा की शुरुआत पठानकोट जिले के माधोपुर से 18 सितंबर 2026 को हुई थी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस यात्रा ने लगभग 4000 किलोमीटर का सफर तय किया और राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर किया।
स्वास्थ्य के सबसे बड़े दुश्मन बने डीजे के शोर से महामारी की तरह लडऩा होगा
Author: Jai Lok






