Download Our App

Home » Uncategorized » कॉकरोचों के नैरेटिव की काट में भाजपा का जनसंपर्क अभियान

कॉकरोचों के नैरेटिव की काट में भाजपा का जनसंपर्क अभियान

युवाओं से बुद्धिजीवियों तक पहुँचेगी पार्टी
हर विधानसभा में 200 बुद्धिजीवियों से संवाद और टिफिन बैठकों पर फोकस
भोपाल (जयलोक)। संविधान, चुनाव आयोग और मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर राहुल गांधी, अभिजीत दिपके और नेहा बोरा की ओर से उठाए जा रहे सवालों के जवाब में भाजपा अब जनसंपर्क और नैरेटिव की लड़ाई को नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में है। पार्टी का फोकस केवल राजनीतिक आरोपों का जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं, पेशेवरों, बुद्धिजीवियों और सोशल मीडिया पर प्रभाव रखने वाले लोगों के बीच अपनी बात पहुंचाने पर है। इसके लिए 93 नारों, 12 पन्नों की बुकलेट, पदयात्राओं, नागरिक गोष्ठियों, टिफिन बैठकों और डिजिटल प्रतियोगिताओं को मिलाकर व्यापक अभियान तैयार किया गया है। भाजपा की रणनीति में पहली बार नहीं, बल्कि नए सिरे से यह स्पष्ट दिख रहा है कि विपक्ष के राजनीतिक आरोपों का जवाब केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस या बयानबाजी से देने के बजाय सामाजिक और पेशेवर समूहों तक सीधे पहुंचकर दिया जाए। पार्टी का लक्ष्य लोकसभा क्षेत्रवार प्रभावशाली लोगों को जोडऩे से लेकर देशभर में 10 लाख से अधिक युवाओं और पेशेवरों तक पहुंचने का है। विधानसभा स्तर पर 200 चुनिंदा बुद्धिजीवियों से संवाद और लोकसभा क्षेत्रों में 2,000 प्रभावशाली लोगों को जोडऩे की योजना भी इसी रणनीति का हिस्सा है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जबकि केंद्रीय और राष्ट्रीय स्तर के नेता राज्यों में जाकर अभियान की निगरानी करेंगे। इस तरह पार्टी एक साथ राजनीतिक संदेश, संगठनात्मक सक्रियता और जनसंपर्क को साधना चाहती है। भाजपा के अभियान का एक प्रमुख हिस्सा ‘लोकतंत्र के लिए नागरिक’ नाम से प्रस्तावित गोष्ठियां हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 200 चुनिंदा लोगों को बुलाने की योजना है। इनमें डॉक्टर, वकील, कारोबारी, शिक्षक, प्रोफेसर, सामाजिक कार्यकर्ता और दूसरे पेशेवर शामिल होंगे। इन बैठकों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा अपना पक्ष रखेगी। एसआईआर के समर्थन में ज्ञापन पर हस्ताक्षर कराने की योजना भी है। इस रणनीति का राजनीतिक महत्व इसलिए है, क्योंकि भाजपा विपक्ष के आरोपों का जवाब केवल अपने कार्यकर्ताओं के बीच नहीं, बल्कि उन वर्गों के सामने भी रखना चाहती है, जिनकी सामाजिक विश्वसनीयता और स्थानीय प्रभाव है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े विवादों पर उसका पक्ष व्यापक समाज तक पहुंचे। इसके लिए बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, स्मृति ईरानी, बैजयंत जय पांडा, पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू और अन्य नेताओं को जिम्मेदारी देने की बात सामने आई है।
पदयात्रा से सडक़ पर शक्ति प्रदर्शन
भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ के संदेश के साथ पदयात्राओं और रैलियों की भी तैयारी कर रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत महानगरों में दो से तीन रैलियां और जिला मुख्यालयों पर एक रैली आयोजित करने की योजना है। बड़े बैनर और प्लेकार्ड के माध्यम से एसआईआर, कथित अवैध घुसपैठ, विपक्ष की राजनीति और सरकार के विकास कार्यों जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। हरीश द्विवेदी, तरुण चुग, शिवराज सिंह चौहान और भूपेंद्र यादव सहित नेताओं को इस अभियान की जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी है। भाजपा का इरादा इस कार्यक्रम के जरिए अपने राजनीतिक संदेश को सार्वजनिक मंचों तक पहुंचाने और विपक्ष के आरोपों के जवाब में संगठन की सक्रियता दिखाने का है।
टिफिन बैठकों से स्थानीय नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश
भाजपा की योजना का दूसरा अहम हिस्सा सामाजिक संपर्क है। लोकसभा क्षेत्रों में प्रभावशाली लोगों को जोडऩे के लिए टिफिन बैठकें, मंदिरों में मुलाकात और व्यक्तिगत संवाद जैसे तरीके अपनाए जाएंगे। इसके तहत सामाजिक कार्यकर्ताओं, पेशेवरों और स्थानीय स्तर पर प्रभाव रखने वाले लोगों को अभियान से जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी का जोर ऐसे संपर्कों पर है, जिनके जरिए राजनीतिक संदेश केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय समूहों और उनके नेटवर्क के माध्यम से आगे बढ़े। दस लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य इसी व्यापक संपर्क अभियान से जुड़ा है। छात्रों और युवाओं को शामिल करने के लिए निबंध लेखन, भाषण और शॉर्ट वीडियो बनाने जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित करने की भी योजना है।

 

दिल्ली की महत्वपूर्ण बैठक के लिए आया मंत्री राकेश सिंह को बुलावा ,कार्यक्रम रद्द,पहली बार नर्मदा महोत्सव में नहीं होंगे शामिल

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » कॉकरोचों के नैरेटिव की काट में भाजपा का जनसंपर्क अभियान
error: Content is protected !!