
कटंगी बायपास में हुआ हादसा, गोसलपुर जा रहे थे पिता पुत्री
जबलपुर (जयलोक)। सडक़ हादसों में बदनाम शहर में आएदिन किसी ना किसी की जानें जा रही हैं। शहर से गुजरने वाले हाईवे में बड़े वाहन चालकों की गलती से कई जानें जा चुकी हैं। ताजा मामला कल देर रात सामने आया जब सडक़ किनारे खड़े ट्रक से एक मोटर साइकिल टकरा गई और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। वहीं उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ लग गई जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को पीएम के लिए भेजते हुए घायल को इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा कटंगी बायपास में हुआ। यहां एक तेज रफ्तार मोटर साइकिल सडक़ पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में मोटर साइकिल चालक राजेन्द्र ठाकुर की मृत्यु हो गई जो अपनी बेटी के साथ जबलपुर से अपने घर गोसलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कटंगी बाईपास पर पांडा ढाबा के सामने उनकी बाइक नंबर एमपी 20 एमएफ 7188 पहले से खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस की 112 टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके साथ उनकी बेटी आकांक्षा भी थी जो गंभीर रूप से घायल हो गई।

काफी देर तक पड़ रहा शव
हादसे के बाद काफी देर तक घायल पिता पुत्री सडक़ पर ही पड़े रहे। पुलिस को सूचना मिलने के बाद दोनों को अस्पताल पहुँचाया गया। हादसे का कारण ट्रक चालक की लापरवाही बताया जा रहा है जिसने लापरवाही पूर्व सडक़ किनारे ट्रक को खड़ा किया था जिससे अंधेरा होने की वजह से मोटर साइकिल चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया।


आएदिन हो रहे हादसे
रात के अंधेरे में शहर से गुजरने वाले हाईवे में आएदिन हादसे हो रहे हैं। इनमें कुछ मामलों में तो वाहन चालकों की लापरवाही तो कुछ में प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। जिसमें क्षेत्रीय लोगों ने सडक़ों की जर्जर हालत, पर्याप्त रोशनी ना होना भी कारण बताया है। जबकि कुछ मामलों में वाहन चालक नियमों का पालन ना करते हुए वाहनों को तेज गति से दौड़ा रहे थे जिसके कारण यह हादसे हुए।
Author: Jai Lok






