
टर्फ ग्राउण्ड रॉयल स्पोट्र्स एकेडमी का हुआ उदघाटन
जबलपुर (जयलोक)। नगर में स्थित रॉयल सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में टर्फ ग्राउंड के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, श्रीमती माला सिंह एवं लेखराज सिंह (मुन्ना भैया) मप्र ओलम्पिक एसोसिएशन के सचिव दिग्विजय सिंह, उपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष सी.ए. अखिलेश जैन, पार्षद श्रीमती पूजा पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजन सम्पन्न हुआ।
महापौर ने शाला की निरंतर होती प्रगति एवं उन्नति की सराहना करते हुए एमडी राघवेंद्र सिंह चौहान को बधाईयाँ दीं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस दौरान कहा कि संसाधन संपन्न स्कूलों में इस प्रकार के नवाचार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभावान बच्चों को आगे लाने का सशक्त मंच उपलब्ध करवाते हैं। महापौर ने कहा कि हमने सक्षम स्कूलों से आग्रह किया है कि वे नगर निगम के स्कूलों के बच्चों को भी प्रति सप्ताह अलग-अलग विषयों पर विशेष सेशन के तहत उन्हें सक्षम बनाने में योगदान दें। लेखराज सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि शाला ने छात्रों को एक नया मंच प्रदान किया है।
दिग्विजय सिंह ने खेलों को प्रोत्साहित करने का सराहनीय प्रयास बताया। अखिलेश जैन ने टर्फ को शाला की बड़ी उपलब्धि बताया। सभी अतिथिगणों ने फीता काटकर टर्फ का उद्घाटन किया। अंत में शाला की डायरेक्टर श्रीमती वर्षा चौहान ने इसे गर्व का अवसर बताते हुए कहा कि हमारे उद्देश्य छात्रों को किताबी ज्ञान देना ही नहीं बल्कि उनके भीतर छिपी प्रतिभा निखारना है। डायरेक्टर राघवेंद्र सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।






