
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने दिए सख्त निर्देश, भविष्य में प्रतिबंधित होंगी ऐसी समितियां
जबलपुर (जय लोक)। विगत कुछ समय से एक नया प्रचलन चल पड़ा है कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में पुलिस को दूर रखते हुए गणेश उत्सव और दुर्गा पूजन के दौरान स्थापित होने वाले पंडालों में जुआफड़ का संचालन किया जाता है। लेकिन अब धार्मिक आयोजन की आड़ में ऐसा कृत्य करने वाली समिति और पंडाल को ब्लैक लिस्ट करने का निर्णय लिया गया है।
ब्लैक लिस्ट सूची में आने वाले पंडालों और समितियां को भविष्य में किसी भी प्रकार की धार्मिक आयोजन की अनुमतियां को नहीं मिलेगी। गणेश उत्सव के दौरान भी जबलपुर पुलिस ने आगे बढक़र धार्मिक परंपराओं की आड़ में ऐसे कार्य करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की थी। कल भी जबलपुर पुलिस ने दुर्गा पंडाल की आड़ में जुआ फड़ का संचालन कर रहे कुछ लोगों को धरदबोचा और उनके कब्जे से ताश पत्ती और पैसे मोबाइल, कार बरामद किया है। कल की कार्यवाही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में और सीएसपी शुभम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में योजनाबद्ध तरीके से संपादित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जय लोक से चर्चा करते हुए कहा कि प्रशासनिक स्तर पर यह निर्णय लिया गया है कि धार्मिक पंडालों की आड़ में जुआ फड़ जैसे गैर कानूनी कृत्य करने वाली समितियां और ऐसे व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी धार्मिक आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी इन्हें ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
4 थानों की पुलिस ने मारा छापा
कल दुर्गा पंडाल की आड़ में झंडा चौक रांझी के पास खिलाये जा रहे जुआं फड़ को पकडऩे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चार थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मार कार्यवाही को अंजाम दिया। इस कार्यवाही में ओमती, सिविल लाइन, हनुमानताल, घमापुर थाने का पुलिस बल शामिल हुआ था।
9 जुआड़ी, 67 हजार नगद 8 मोबाइल ,कार जप्त
इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 9 जुआडिय़ों को जुआं खेलते हुए पकड़ा इनके कब्जे से ताश पत्ते भी बरामद किए। 67000 रुपए नगद, 8 मोबाइल और एक कार और कुछ दोपहिया वाहन भी बरामद की। पकड़े गए लोगों में सौरभ केवट ,निखिल सोनी, मोंटल पासी, लाला उर्फ सचिन अहिरवार, सुजीत सिंह, अशोक प्रजापति, सिद्धार्थ सोंधा, जय चौहान, ताज बैग को पुलिस ने पकड़ा था।






