
जबलपुर (जय लोक)। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी एक समस्या पर लिखे गए पत्र मिलने के महज 5 मिनट बाद केंद्रीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का फोन आ जाना लोकतांत्रिक शिष्टाचार और जवाबदेही का भी एक उदाहरण माना जा रहा है। कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने जिले के शहपुरा क्षेत्र में भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े संपर्क मार्गों की खराब स्थिति को लेकर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। अपने पत्र में उन्होंने कहा था कि दोनों संपर्क मार्गों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सडक़ें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे भारी वाहन पाटन मार्ग और हल्के वाहन शहपुरा मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विवेक तन्खा ने बताया कि पत्र पहुंचने के करीब पांच मिनट बाद ही श्री गडकरी का फोन आया।

श्री गडकरी ने यात्रियों को हो रही असुविधा पर खेद जताया और मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। श्री तन्खा ने इसके बाद सोशल मीडिया पर नितिन गडकरी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सज्जन और संवेदनशील मंत्री अब बहुत कम बचे हैं।

पत्र में इन बातों का उल्लेख
श्री तन्खा ने पत्र में बताया कि क्षतिग्रस्त एप्रोच की विस्तृत जाँच सीआरआरआई नई दिल्ली से कराई गई थी। रिपोर्ट में मिट्टी की कम बियरिंग कैपेसिटी, गुणवत्ताहीन सामग्री के इस्तेमाल और पर्याप डे्रनेज सिस्टम नहीं होन से रेनफोस्र्ड अर्थ वॉल के क्षतिग्रस्त होने की वजह बताया गया है। सीआरआरआई और सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा नियुक्त डिजाइनर की रिपोर्ट के आधार पर 7 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली एप्रोच पर बायडक्ट स्ट्रक्चर बनाने की सिफारिश की गई है।





