
कांग्रेस में विरासत की नई पटकथा कमलनाथ के जन्मदिन पर भोपाल में जुटेगा समर्थकों का कुनबा
भोपाल (जयलोक)। कांग्रेस की राजनीति में अब विरासत और नेतृत्व की अगली पीढ़ी को लेकर नई पटकथा लिखे जाने के संकेत मिल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के 80वें जन्मदिन के बहाने 14 नवंबर को भोपाल में होने वाला समर्थकों का जमावड़ा महज दीपावली मिलन तक सीमित नहीं माना जा रहा। इसके राजनीतिक मायने तलाशे जा रहे हैं। खासतौर पर लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा की परंपरागत सीट गंवाने के बाद राजनीतिक रूप से कमजोर पड़े नकुल नाथ को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश के तौर पर इस आयोजन को देखा जा रहा है। चार दशक से प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में प्रभाव रखने वाले कमलनाथ के सामने अब अपनी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती है। कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में नए समीकरण बन चुके हैं।
ऐसे में कमलनाथ समर्थकों का एक मंच पर जुटना अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने और समर्थकों को एकजुट रखने की कवायद माना जा रहा है। छिंदवाड़ा लंबे समय तक कमलनाथ परिवार का मजबूत राजनीतिक गढ़ रहा है। कमलनाथ नौ बार इस सीट से सांसद चुने गए। 2019 में उन्होंने यह सीट अपने बेटे नकुल नाथ को सौंपी और नकुल सांसद बने। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इस पारंपरिक गढ़ में सेंध लगा दी। नकुल नाथ की हार के बाद परिवार का राजनीतिक प्रभाव पहली बार बड़े सवालों के घेरे में आया। इस हार के बाद नकुल नाथ की प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में सक्रियता भी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।
अब जन्मदिन के बहाने होने वाला जमावड़ा उनके लिए दोबारा राजनीतिक जमीन तैयार करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। समर्थकों की एकजुटता के जरिए यह संदेश देने की कोशिश हो सकती है कि छिंदवाड़ा की हार के बावजूद कमलनाथ का राजनीतिक आधार खत्म नहीं हुआ है।





