
जबलपुर (जय लोक)। बरेला थाना अंतर्गत बरगी मार्ग पर स्थित निसर्ग वॉटर फॉल में एक बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां स्विमिंग पूल में करंट से एक युवक की मौत हो गई। इतना ही नहीं युवक गंभीर रूप से करंट से झुलस जाने के बाद भी निसर्ग वाटर फॉल के कर्मचारियों द्वारा युवक को अस्पताल नहीं पहुँचाया गया बल्कि युवक के दोस्तों द्वारा मोटर साइकिल से उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। वहीं अब बरेला पुलिस इस मामले में प्रकरण की जाँच कर रही है।

रांझी निवासी नीरज मेहरा ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी मोहनिया सुभाष नगर निवासी साजन विश्वकर्मा, अभिषेक सेन और विनीत विश्वकर्मा के साथ रविवार को निसर्ग रिसॉर्ट पहुँचे थे। यहां टिकिट लेकर अंदर प्रवेश किया और स्नान करने के लिए स्विमिंग पूल की ओर चल पड़े। लेकिन इसी बीच सागर का हाथ स्लाइडर के नीचे लगे पोल से टकरा गया और उसे जोरदार करंट लगा। हादसे के बाद प्रबंधन ने घायल युवक को अस्पताल पहुँचाने में उसके साथियों की मदद भी नहीं की।

जिसके कारण मोटर साइकिल पर ही सागर के साथी उसे अस्पताल लेकर पहुँचे। कांचघर निवासी विनीत विश्वकर्मा ने बताया कि जब वे वॉटर फॉल में नहाने गए तो उसे भी करंट लगा। जिसकी शिकायत प्रबंधन से की गई थी लेकिन प्रबंधन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जिसका परिणाम एक युवक को अपनी मौत से चुकाना पड़ा। अब बरेला पुलिस इस मामले में दोषियों का पता लगा रही है। बरेला थाना प्रभारी शुभम सिंह ठाकुर का कहना है कि लापरवाही कहां हुई इस मामले में जाँच की जा रही है जिसके बाद दोषियों पर कार्रवाही की जाएगी।


Author: Jai Lok






