
जबलपुर (जयलोक)। केंट क्षेत्र में एक नया फ्लाई ओवर बनने की तैयारियाँ की जा रही है। यह उम्मीद की जा रही है कि इस फ्लाई ओवर का बनना अगले कुछ माहों में शुरू हो जाएगा। यह फ्लाई ओवर एम्पायर चौक से सर्जन चौक और उसके आगे पेंटीनाका चौराहे से वायएसीए होते हुए गोराबाजार की सीमा तक डेढ़ किमी की लंबाई में बनाया जाना प्रस्तावित है। पेंटीनाका चौराहा केंट का सर्वाधिक यातायात को प्रभावित करता है। इस चौराहे पर चारों ओर जाम की स्थिति भी बनी रहती है।

अभी जिस फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है उसका लाभ तब मिल पाएगा जब उसमें एक और ड्रायवर्सन किया जाए। वरिष्ठ अधिवक्ता गिरीश श्रीवास्तव का सुझाव है कि एम्पायर टॉकीज से पेंटीनाका और गोराबाजार के जिस फ्लाई ओवर की चर्चा हो रही है उसका वास्तविक लाभ तब मिलेगा जब उसमें एक ड्रायवर्सन सर्जन चौक से समन्वय चौक और वहां से डिलाईट होते हुए सिविल लाइंस बैंक का जो बड़ा चौक है उसमें मिलाया जाए। इससे एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और रांझी तरफ से जिनको तिलहरी तथा मंडला की ओर जाना है उनको यह ड्रायवर्सन फायदेमंद रहेगा। फ्लाईओवर के निर्माण के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों से यह अपेक्षा की गई है कि वे दिए गए सुझाव के अनुसार एक नया ड्रायवर्सन पेंटीनाका फ्लाईओवर में बनवाएं।

Author: Jai Lok






