
जबलपुर (जयलोक)। बहुत पहले एक चुटकुला जमकर चला था कि एक अस्पताल में सुबह-सुबह एक नवजात बच्चे का जन्म होता है और उसकी खुशी में पिता उत्साह में आवाज लगाकर अपने भाई से कहता है कि जाओ जल्दी से सबके लिए पोहा जलेबी लेकर आओ.. इसी बीच नवजात को बोलते हुए दिखाया जाता है कि अरे.. लगता है मैं फिर से जबलपुर में पैदा हो गया।
इस चुटकुले का आशय यही था कि जबलपुर में पोहा जलेबी स्थानीय स्वादिष्ट व्यंजन के रूप में अपना स्थान स्थापित कर चुका है। रोजाना लाखों की संख्या में लोग इसका सेवन करते हैं और यह स्थानीय अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण जरिया भी है।

इसी स्थानीय लाजवाब स्वाद और सबके पसंदीदा व्यंजन को और बढ़ावा देने के लिए आज विश्व पोहा दिवस पर जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने लगातार दूसरे वर्ष एक अनूठा कार्यक्रम अपने शासकीय आवास पर आयोजित किया। सामान्य भाषा में पोहा पार्टी के नाम से चर्चित इस अनूठे कार्यक्रम में शहर के सभी प्रतिष्ठितजनों एवं बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों का समागम हुआ।

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के वोकल फॉर लोकल के संदेश को आगे बढ़ाया
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परस्पर दिए जाने वाले वोकल फॉर लोकल के संदेश को आगे बढ़ते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह ने इस आयोजन में पोहा जलेबी को संस्कारधानी के गणमान्यजनों के बीच सकारात्मक संदेश और अपनेपन के प्रेम भाव के साथ परोसा। उद्देश्य यह संदेश देना था कि सभी को मिलकर वोकल फॉर लोकल के मंत्र के तहत स्थानीय बाजार और उत्पादों को बढ़ावा देना चाहिए। यही हमारे शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम होगा।


Author: Jai Lok






