
रानीताल चौक – नेतागिरी चमकाने आम नागरिकों की जान से खिलवाड़
जबलपुर (जय लोक)। सस्ती नेतागिरी के चक्कर में अपना चेहरा चमकाने और बड़े नेताओं के सामने नंबर बढ़ाने के फेर में भाजपा के छुटभैया नेता ने यातायात नियम को ताक पर रखते हुए आम लोगों की जान से खिलवाड़ किया और मुख्य चौराहे पर ही एक नेता जी के जन्मदिन की बढिय़ा से ऐसे फ्लेक्स लगा दिए की आने-जाने वाले लोगों को एक दूसरे पर नजर ही ना पड़े। गुजरने वाले राहगीरों ने बताया कि जब से फ्लेक्स लगाए गए उसके कुछ घंटे में ही कई दो पहिया वाहन चालक विपरीत दिशा से आते समय आपस में टकराए जिनमें से कुछ लोग गिरकर घायल भी हुए।

सबसे दु:खद बात ये है कि भाजपा के छुटभैया नेताओं को या तो सडक़ों पर मनमानी करने की खुली छूट संगठन से मिली हुई है या फिर प्रशासन इतना बौना हो गया है कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने की मनमानी यह साबित कर रही है कि भाजपा के छुटभैया नेता प्रशासन पर भारी हैं। क्योंकि आज तक भाजपा के किसी भी बड़े नेता संगठन के किसी बड़े पदाधिकारी ने इस प्रकार से सडक़ों पर कब्जा कर लोगों की जान को खतरे में डालकर अपनी नेतागिरी चमकाने का प्रयास नहीं किया है।

फ्लेक्स के चक्कर में दुर्घटना को आमंत्रण
यह नजारा रानीताल चौक पर देखने को मिला। यह चौराहा वैसे ही पाँच रास्तों के आवागमन के कारण बहुत ही जटिल परिस्थितियों में यातायात की परेशानियों से जूझता रहता है। ऐसे में भाजपा के एक नेता को बधाई देने के नाम पर यहां पर चार तरफ से फ्लेक्स को जोडक़र एक बड़ा बक्सा बना दिया गया। इन फ्लेक्सों की ऊंचाई भी इतनी अधिक है की विपरीत दिशा से आने वाले पर नजर ही ना पड़े।

प्रशासन का मौन चर्चा का विषय
जिला प्रशासन, नगर निगम, यातायात पुलिस विभाग सभी का इस मनमानी पर मौन साध लेना बड़े आश्चर्य की बात है। शहर के मुख्य चौराहा में से एक रानी ताल चौक रोजाना हजारों लाखों लोगों के आवागमन का मार्ग है कई तहसीलदार, अपर कलेक्टर, नगर निगम के अधिकारी, पुलिस के अधिकारी इसी चौक से निकलते हैं लेकिन किसी ने भी इस मनमानी के खिलाफ उचित और सही कार्यवाही करने की हिम्मत नहीं दिखाई। ऐसे ही लोगों के कारण शहर विकास के नाम पर सडक़ों पर धब्बे नजर आते हैं और डरपोक अधिकारियों के कारण इस प्रकार के छुटभैया नेताओं हौंसले बुलंद रहते हैं।
मेरे बाप के गिरेबान तक कोई हाथ पहुँचा है तो ये मेरी गलती: स्मृति
Author: Jai Lok





