
फ्लाई ओवर बनने के लिए हटाई गईं थीं प्रतिमाएँ
जबलपुर (जय लोक)। प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर को बनाने के लिए टेलीग्राफ गेट नम्बर दो हनुमान मंदिर के सामने भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. बाबूराव परांजपे तथा दमोहनाका पर पं. ओंकार तिवारी की पूर्व में स्थापित प्रतिमाओं को हटाया गया था। अब फ्लाईओवर बने लंबा समय निकल चुका है। लेकिन भाजपा के इन दो वरिष्ठ नेताओं की प्रतिमाएं लोकनिर्माण विभाग द्वारा पुन: स्थापित नहीं की जा रही हैं।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पार्टी को जबलपुर, महाकौशल और पूरे मध्य प्रदेश में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिवंगत जननायकों, सांसद स्व. बाबूराव परांजपे और पूर्व मंत्री स्व. ओंकार प्रसाद तिवारी की प्रतिमाओं की उपेक्षा की जा रही है। जबलपुर में उनकी प्रतिमाएं वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही हटाने के बाद से अब तक पुन: स्थापित नहीं की गई हैं, जिससे पुराने काडर के कार्यकर्ता स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
यह मुद्दा तब सामने आया जब पिछले दिनों प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर जबलपुर प्रवास पर थे। उन्होंने पूर्व महाधिवक्ता रविनंदन सिंह के आवास पर प. ओंकार महाराज के सुपुत्र एवं भाजपा नेता आलोक ओंकार तिवारी के साथ-साथ दोनों जनसेवकों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इन कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व महापौर सुशीला सिंह के कार्यकाल के दौरान स्व. परांजपे और स्व. ओंकार महाराज की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं।
निर्माण कार्य में बाधा बनने का हवाला
दमोहनाका फ्लाईओव्हर के निर्माण कार्य के दौरान लोक निर्माण विभाग और नगर निगम प्रशासन ने प्रतिमाओं को निर्माण में बाधा बनने और निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए उन्हें अस्थायी रूप से हटाने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव पर परांजपे और तिवारी परिवारों के साथ-साथ उनके समर्थकों ने भी शहर के विकास कार्य में सहयोग करते हुए प्रतिमाओं को अस्थायी रूप से हटाने की सहमति दे दी थी। प्रशासन द्वारा यह आश्वासन भी दिया गया था कि फ्लाईओव्हर का निर्माण पूरा होने के बाद प्रतिमाओं को उनके मूल स्थान पर पुन: स्थापित कर दिया जाएगा।
विभागों की टालमटोल और जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा
फ्लाईओव्हर का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है, लेकिन प्रतिमाओं को पुन: स्थापित करने के मामले में लोक निर्माण विभाग और नगर निगम प्रशासन एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों ही विभाग इस बात से कन्नी काट रहे हैं कि प्रतिमाओं को स्थापित कराने की वास्तविक जिम्मेदारी किसकी है। इस रवैये से पार्टी के पुराने कार्यकर्ता बेहद खफा हैं और इसे उन नेताओं के प्रति अनादर बता रहे हैं जिन्होंने भाजपा को आज इस मुकाम तक पहुँचाने में अथक परिश्रम किया था।
विधानसभा अध्यक्ष ने किया हस्तक्षेप और त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
जब विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के समक्ष यह मामला पहुँचा, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू को निर्देश दिया कि वे अविलंब स्व. बाबूराव परांजपे और स्व. ओंकार तिवारी की प्रतिमाओं की उनके निर्धारित स्थान पर पुन: स्थापना कराना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्थानीय विधायक अभिलाष पांडे से भी इस कार्य को शीघ्रता से पूरा करने के संबंध में बात की।
जनप्रतिनिधियों का समर्थन, प्रशासन की हीलाहवाली
यह उल्लेखनीय है कि दोनों दिवंगत नेताओं की प्रतिमाओं की पुनस्र्थापना के लिए प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जबलपुर से सांसद आशीष दुबे, स्थानीय विधायक अभिलाष पांडे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित सभी निर्वाचित जन प्रतिनिधियों ने पहले ही अपना समर्थन दे दिया है। इसके बावजूद, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम प्रशासन द्वारा मामले में लगातार टालमटोल किया जा रहा है, जो कि आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की समझ से परे है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह रवैया उन नेताओं के योगदान को कम आंकने जैसा है, जिन्होंने पार्टी की नींव रखी थी।
बैठक में प्रमुख लोगों की उपस्थिति
पूर्व महाधिवक्ता श्री सिंह के निवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान महापौर जगत बहादुर अन्नू, पूर्व महापौर सुशीला सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, आलोक ओंकार तिवारी के साथ-साथ भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता, दोनों जननायकों के पुराने साथी, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रतिमाओं की तत्काल पुनस्र्थापना की मांग को दोहराया।

मेरे बाप के गिरेबान तक कोई हाथ पहुँचा है तो ये मेरी गलती: स्मृति
Author: Jai Lok






