
पीएम मोदी संग शिखर वार्ता, तीन दिवसीय है दौरा
नई दिल्ली। भारत के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाईची का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। स्वागत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हुए अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से उनका परिचय कराया।
इससे पहले बुधवार को नई दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सनाए तकाईची का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जापानी प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान तकाईची 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगी। उनके भारत पहुंचने पर जापान सरकार ने भी अपनी खुशी व्यक्त की। जापानी कैबिनेट के पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर भारत की ओर से मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया और कहा कि उनका प्रतिनिधिमंडल भारत यात्रा को लेकर उत्साहित है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर संदेश जारी कर सनाए तकाईची का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जापानी प्रधानमंत्री की भारत की पहली यात्रा पर उनकी मेजबानी करना खुशी की बात है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच होने वाली व्यापक वार्ता का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिससे भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भारत और जापान मिलकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र तथा वैश्विक स्तर पर शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त प्रयास जारी रखेंगे।
इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग, व्यापार और निवेश, सेमीकंडक्टर, डिजिटल प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। भारत और जापान के बीच पिछले कुछ वर्षों में रणनीतिक सहयोग लगातार मजबूत हुआ है और यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बिक रही थी पूमा कंपनी के नाम पर नकली चप्पलें, पुलिस ने दो दुकानों में मारा छापा, सामान जप्त
Author: Jai Lok






