
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
भोपाल (जयलोक)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में नगरीय निकायों में खरीदी के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार, सेवा अभियानों की समीक्षा तथा प्रदेश के विकास और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कैबिनेट बैठक में नगरीय विकास विभाग में खरीदी के दौरान सामने आई गड़बडिय़ों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से गड़बडिय़ां पकड़ी गईं और महज छह महीने के भीतर त्वरित कार्रवाई की गई। अब तक कुल 201 प्रकरणों में 392 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर क्षेत्र में पूरी सतर्कता के साथ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदेश सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगामी वर्ष की प्राथमिकताओं व योजनाओं की रूपरेखा तय करने के लिए 21 और 22 दिसंबर को दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी सरकार के भावी रोडमैप पर विस्तृत चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में स्थानीय कुम्हारों और माटी कला को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। आम जनता से अपील की जाएगी कि वे मिट्टी के दीये और स्थानीय उत्पाद खरीदें, जिससे पारंपरिक कारीगरों की आय में वृद्धि हो और स्वदेशी को बल मिले।
सरकार मनाएगी स्थापना दिवस
आगामी एक नवंबर से शुरू होकर तीन दिनों तक राज्य भर में स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश स्तर पर भव्य आयोजनों की तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडऩे, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और कृषि आधारित उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत मंगलवार को कृषि उपज मंडी परिसर जबलपुर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया।
सेवा संकल्प अभियान को मिला जनसमर्थन
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। प्रदेश भर में आयोजित 1,345 शिविरों में 17 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इस अभियान के तहत 1,600 से अधिक सेवा ज्योति यात्राएं निकाली गईं और नमो सेवा नुक्कड़ टोली के माध्यम से नागरिकों तक 11 प्रकार की सरकारी सेवाएं पहुंचाई गईं। बैठक के दौरान कृषि, सहकारिता, उद्यानिकी और मत्स्य पालन विभाग ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति पर प्रेजेंटेशन दिया।
दास्तान ए अंजुमन : 150 साल की विरासत या 150 साल की लंबी खामोशी?




