
कांग्रेस के दिग्गज नेता वेणुगोपाल की पीएम मोदी और शाह को चुनौती
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और पार्टी के दिग्गज नेता केसी वेणुगोपाल ने गृहमंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि उनसे लिखवा कर ले लें कि राहुल गांधी 2029 में प्रधानमंत्री बनेंगे। वेणुगोपाल ने एक इंटरव्यू में चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सोचें कि उसके बाद उनका क्या होगा। वेणुगोपाल ने इंटरव्यू में देश की मौजूदा राजनीति को लेकर गई बड़े दावे किए और केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी के खिलाफ विपक्ष की मौजूदा लामबंदी को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने इस इंटरव्यू की जानकारी एक्स के जरिए दी, जिसमें उनका कहना है कि इसमें उन्होंने देश की मौजूदा राजनीति पर विस्तृत बात की है। वोट चोरी के खिलाफ हमारे अभियान से लेकर परिसीमन बिल को जबरन पास कराने की अमित शाह की डर्टी ट्रिक्स तक, सभी ज्वलंत राजनीतिक मुद्दों पर बात की है, जिसका हम सामना कर रहे हैं।
बता दें केसी वेणुगोपाल लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाते हैं। राहुल गांधी सिर्फ मॉक पार्लियामेंट के ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं, अमित शाह की इसी टिप्पणी पर वे काफी भडक़ हुए हैं। उनका दावा है कि कांग्रेस पार्टी या विपक्ष अभी जो राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे है, वह कोई पद हासिल करने के लिए नहीं है, बल्कि देश में लोकतंत्र बचाने के लिए है। कांग्रेस पार्टी की अगुवाई में विपक्षी दल वोट चोरी को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसके लिए विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहा है और सुप्रीम कोर्ट से मंजूर वोटर लिस्ट के एसआईआर प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहा है।
एसआईआर में मतदाताओं के नाम कटने को ये वोट चोरी कह रहे हैं और उनका आरोप है कि चुनाव आयोग, खासकर सीईसी यह सब पीएम मोदी, उनकी सरकार और बीजेपी के कहने पर कर रहे हैं। अपनी मांगों के समर्थन में इंडी गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली भी कर चुका है और उसका यह अभियान लगातार जारी है।





