
आवागमन के लिए नागरिकों से परिवर्तित मार्ग उपयोग करने की अपील
राज्यपाल नगर में, रात को राष्ट्रपति, देर शाम पहुँचेंगे मुख्यमंत्री
जबलपुर (जय लोक)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे से पहले पूरा शहर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के घेरे में आ गया है। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में राष्ट्रपति की सहभागिता को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है। शहर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की जांच की जा रही है, जबकि प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर आधा शहर सुरक्षा के लिहाज से बंद रहेगा। वहीं नागरिकों के लिए आवागमन के लिए परिवर्तित मार्ग की व्यवस्था की गई है। राज्यपाल शहर में आ चुके हैं वहीं मुख्यमंत्री शाम को शहर पहुँचेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रपति आज शाम को शहर आएंगी।

आसमान से लेकर जमीन तक कड़ी निगरानी
राष्ट्रपति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम स्थलों के आसपास लगभग 15 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडर, गुब्बारे तथा अन्य उडऩे वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने इन क्षेत्रों को अस्थायी नो-फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। ऊंची इमारतों, महत्वपूर्ण चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा बलों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से तुरंत निपटा जा सके।

अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष टीमें तैनात
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल जबलपुर भेजा गया है। सुरक्षा प्रबंधन के लिए शहर को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, आरक्षक, विशेष शाखा, खुफिया इकाइयों के कर्मचारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें सुरक्षा ड्यूटी में लगाई गई हैं। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों द्वारा पूरे सुरक्षा प्रबंधन की लगातार निगरानी की जा रही है।


रूट और कार्यक्रम स्थलों की बार-बार जाँच
राष्ट्रपति के संभावित आवागमन मार्गों पर लगातार एंटी-सबोटाज जाँच अभियान चलाया जा रहा है।
एयरपोर्ट, हेलीपैड, विश्वविद्यालय परिसर, योग कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी रूट की कई चरणों में जांच की जा चुकी है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं और पूरे कार्यक्रम की फुल ड्रेस रिहर्सल भी कराई जा रही है ताकि किसी प्रकार की चूक की संभावना न रहे।
शेष खबर पृष्ठ 7 पर देखें…
भाजपा सरकार में जबलपुर के साथ हुआ भेदभाव नहीं मिला हक और सम्मान
Author: Jai Lok






