
जबलपुर (जय लोक)। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान के अलावा नगर निगम की कार्यप्रणाली का ज्ञान देने के लिए गौरीघाट पॉलिपाथर स्थित सत्यप्रकाश पब्लिक स्कूल ने उन्हें नगर निगम का भ्रमण कराया। यहां ना छात्र छात्राओं ने ना सिर्फ निगम की कार्यप्रणाली का समझा बल्कि शहर विकास के कार्यों और सदन की बैठक को भी समझा। एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को न केवल लोकतांत्रिक और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से देखने का मौका मिला, बल्कि उन्होंने शहर के विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी बुनियादी प्रणालियों को भी समझा।

सदन की कार्यवाही और लोकतांत्रिक व्यवस्था से हुए रूबरू
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने नगर निगम मुख्यालय का दौरा किया। यहाँ नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बच्चों का स्वागत किया और उन्हें निगम सदन की कार्यप्रणाली से परिचित कराया। इस भ्रमण के दौरान बच्चों को बताया गया कि शहर के विकास के लिए नीतियाँ कैसे बनती हैं, प्रस्ताव कैसे पारित होते हैं और जनहित के मुद्दों पर सदन में किस तरह चर्चा की जाती है। इस अवसर पर अधिकारियों ने बच्चों के उत्सुकता भरे सवालों के बेहद सरल और रोचक ढंग से जवाब दिए, जिससे बच्चों का सामान्य ज्ञान भी बढ़ा।

वेस्ट टू एनर्जी और फिल्टर प्लांट का का मिला ज्ञान
इस भ्रमण में किताबी ज्ञान को व्यावहारिक रूप में बदलते हुए बच्चों को शहर के दो बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का दौरा कराया गया। बच्चों को वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की कार्यप्रणाली और उसकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें समझाया गया कि कैसे शहर के कचरे का सही प्रबंधन करके उससे ऊर्जा बनाई जा रही है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। शुद्ध पेयजल की प्रक्रिया ललपुर फिल्टर प्लांट इसके बाद विद्यार्थियों ने ललपुर फिल्टर प्लांट का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने जलप्रदाय योजना और उसके प्रबंधन को देखा। बच्चों ने प्रत्यक्ष रूप से समझा कि नर्मदा जी से आने वाले पानी को किस तरह फिल्टर कर पूरी तरह शुद्ध किया जाता है और फिर वह शहर के घरों तक पहुँचता है।


वरिष्ठ अधिकारियों का मिला मार्गदर्शन
इस पूरे गरिमामयी और ज्ञानवर्धक आयोजन को सफल बनाने में प्रशासनिक टीम का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर अपर आयुक्त वी. एन. बाजपेई, मनोज श्रीवास्तव और कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पूरे भ्रमण कार्यक्रम का कुशल संचालन नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त अंकिता जैन द्वारा किया गया।
स्कूल प्रबंधन का ज्ञानवर्धक भ्रमण
स्कूल प्रबंधन और बच्चों ने इस ज्ञानवर्धक भ्रमण के लिए नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया। बच्चों का कहना था कि इस भ्रमण से उन्हें नागरिक कर्तव्यों, स्वच्छता और जल संरक्षण के महत्व को गहराई से समझने में मदद मिली है। यह शैक्षणिक यात्रा उनके लिए भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
Author: Jai Lok






