
जबलपुर (जय लोक)। शहर में तीन दिनों में देर रात तीसरी हत्या की वारदात सामने आई है। दो दिनों पूर्व जहां संजीवनी नगर में एक युवक की पैसों के लेनेदने के विवाद को लेकर चाकू मारकर हत्या कर दी गई तो वहीं कल भी रांझी में एक युवक का शव बरामद किया गया था। शव पर चोट के निशान थे। जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा था। वहीं गोहलपुर थाना अंतर्गत समता कॉलोनी में फिर चाकू चले यहां भी देर रात पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक के गर्दन ओर चेहरे पर चाकू से हमला किया गया था। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पिछले 3 दिन के भीतर यह हत्या की तीसरी वारदात है।

मृतक की पहचान 20 वर्षीय भावेश वीरानी के रूप में हुई है, जो समता कॉलोनी का निवासी था। कल देर रात वह खाना खाकर अपने घर के पास ही टहल रहा था। तभी मोटर साइकिल से तीन बदमाश आए, आरोपियों ने पहले भावेश को रोका और उसके साथ बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि मोटर साइकिल सवार युवकों ने अपने पास रखे धारदार चाकू निकालकर भावेश पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके गले और चेहरे को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर गया। भावेश को लहुलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई और वहां का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और घटना की जानकारी ली।

6 माह पूर्व हुए विवाद का लिया बदला
पुलिस की पूछतांछ में यह बात सामने आई है कि हत्या की मुख्य वजह 6 माह पूर्व हुआ विवाद है। मृतक के भाई धनंजय वीरानी ने पुलिस को बताया कि करीब 6 महीने पहले भावेश का अरुण नाम के युवक और उसके साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के इरादे से अरुण अपने साथियों आयुष और शिव के साथ बुधवार रात मौके पर पहुंचा और भावेश की हत्या कर दी।


आरोपियों की तलाश में जुटी टीमें
पुलिस ने इस मामले में अरुण, आयुष और शिव के खिलाफ नामजद हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। चश्मदीदों ने भी आरोपियों की पहचान की पुष्टि की है। सीएसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस मामले की जाँच कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: Jai Lok






