
नई दिल्ली (जयलोक)। दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में सुनवाई के दौरान जज और वकील के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद न्यायिक व्यवस्था और कोर्टरूम अनुशासन को लेकर नई बहस छिड़ गई है. वीडियो में अदालत के भीतर अतिरिक्त जिला जज ऐडीजे और बार एसोसिएशन से जुड़े वकीलों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है.. मामला इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर गाली-गलौच तक की नौबत आ गई और वकील ने कथित रूप से जज को ‘नशेड़ी’ तक कह दिया.
स्थिति हाथापाई तक पहुंचने से पहले अदालत कर्मियों ने बीच-बचाव कर माहौल को शांत कराया. बताया जा रहा है कि यह विवाद सुनवाई के दौरान किसी मुद्दे पर बहस के बीच शुरू हुआ.
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी. कोर्टरूम में मौजूद अन्य वकील और कर्मचारी भी उस समय हैरान रह गए. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कानूनी समुदाय में इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
घटना के बाद दिल्ली की सभी जिला न्यायालय बार एसोसिएशनों की समन्वय समिति ने शनिवार को एक आपात बैठक बुलाई और पूरे मामले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया. समिति ने बयान जारी करते हुए रोहिणी कोर्ट के उत्तर-पश्चिम जिला के ADG-04 राकेश कुमार के कथित व्यवहार को ‘अत्यंत आपत्तिजनक, अशोभनीय और अस्वीकार्य’ बताया।
जज से बार एसोसिएशन नाराज
दिल्ली की सभी जिला अदालत बार एसोसिएशनों की समन्वय समिति ने रोहिणी कोर्ट के एक न्यायिक अधिकारी के व्यवहार को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। समिति ने संबंधित न्यायिक अधिकारी के खिलाफ तत्काल सख्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को हुई आपात बैठक में समन्वय समिति ने सर्वसम्मति से उत्तर-पश्चिम जिला, रोहिणी कोर्ट के जिला न्यायाधीश राकेश कुमार के आचरण की निंदा की।
Author: Jai Lok






