
अब वर्षा काल में जल प्लावन से निपटने निगम की बड़ी तैयारी
जबलपुर (जयलोक)। नगर निगम जबलपुर के महापौर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने यहां स्मार्ट सिटी सभागार में पत्रकारों से चर्चा करते हुये दावा किया कि स्वच्छता फीडबैक में जबलपुर ने देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि जल संकट और जल प्लावन से निपटने के लिये व्यापक तैयारियां नगर निगम द्वारा की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि स्वच्छता फीडबैक के मामले में जबलपुर ने देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए निगम का पूरा अमला दिन-रात कार्य कर रहा है। महापौर ने बताया कि नगर निगम के 16 संभागों के अंतर्गत आने वाले 79 वार्डों में नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और परिवहन का कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में औसतन 40 सफाईकर्मी तैनात हैं।

आधुनिक संसाधन वाहन लगे काम में
प्रेस वार्ता में महापौर ने नगर निगम के आधुनिक संसाधनों की जानकारी देते हुए बताया कि सफाई कार्यों के लिए निगम के पास सैकड़ों टिपर वाहन, जेसीबी, हिटाची मशीनें, रोड स्वीपिंग मशीनें, जेटिंग मशीनें, सुपर सकर मशीन, फॉगिंग मशीनें और अन्य अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इन संसाधनों के कारण सफाई व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है।उन्होंने बताया कि जबलपुर में अब केवल दिन में ही नहीं बल्कि प्रमुख बाजारों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था भी लागू की गई है। मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन 30 से 40 किलोमीटर सडक़ों की सफाई की जा रही है। वहीं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नए वाहन भी शामिल किए जा रहे हैं।

वेस्ट टू एनर्जी प्लांट में 800 टन कचरे का निप्टान
\महापौर ने नगर निगम की सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह प्लांट प्रतिदिन लगभग 800 टन कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण कर रहा है। साथ ही पुराने डंपिंग यार्ड में जमा लाखों टन कचरे का निष्पादन भी किया जा चुका है। इस परियोजना से बिजली उत्पादन हो रहा है, जिससे नगर निगम की आत्मनिर्भरता को बल मिला है।


जल चौपाल की अनूठी पहल
महापौर ने बताया कि पिछले साल शहरवासियों को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिली है, इस साल और बड़ी राहत मिल रही है, क्योंकि नगर निगम द्वारा पाइप लाइन विस्तार, टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति, नए बोरिंग और कनेक्शन देने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। नागरिकों की पानी से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए एक विशेष पहल की जा रही है।
महापौर ने बताया कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर में जलप्लावन की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने व्यापक कार्ययोजना बनाकर अमल किया है। वर्षाजल की सुगम निकासी और जलभराव से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए भारी तादाद में आधुनिक मशीनों को काम पर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि शहर में नाले के ऊपर बने 18 अवैध निर्माणों को हटाकर वर्षाजल जल निकासी की सुगम व्यवस्था की गयी है। पत्रकारवार्ता में अध्यक्ष रिंकू विज, एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, दामोदर सोनी, श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू तथा पार्षद अनुराग दहिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बहोरीपार में अवैध रेत खनन पर एसडीएम का छापा, वापस नदी में मिलाई रेत
Author: Jai Lok






