
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रेड रोड बना योगमय
हजारों लोगों के साथ प्रधानमंत्री ने किए पांच प्रमुख आसन
कोलकाता। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कोलकाता का ऐतिहासिक रेड रोड योगमय हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास करते हुए कहा, प्रत्येक व्यक्ति का लक्ष्य यह होना चाहिए कि वह 40 वर्ष की उम्र में 20 वर्ष की उम्र से अधिक लचीला, 50 वर्ष की उम्र में 30 वर्ष की उम्र से अधिक ऊर्जावान तथा 70 वर्ष की आयु में भी 50 वर्ष की आयु जितना स्वस्थ और सक्रिय बना रहे। उन्होंने कहा कि योग इस लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि योग आज दुनिया का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव बन चुका है, जो लोगों, देशों और संस्कृतियों को एक सूत्र में जोडऩे का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 21 जून, जिसे वर्ष का सबसे लंबा दिन माना जाता है, अब पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। सफेद टी-शर्ट और सफेद पैंट पहने प्रधानमंत्री मोदी ने रेड रोड पर आयोजित सामूहिक योग सत्र में ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन और त्रिकोणासन सहित कई योगासन किए। करीब 40 मिनट तक चले इस कार्यक्रम के दौरान वे प्रतिभागियों के बीच पहुंचे और योग मुद्राओं को सही ढंग से करने के लिए उन्हें मार्गदर्शन भी दिया। कई लोगों की योग मुद्राओं को उन्होंने स्वयं सुधारने का प्रयास किया।
Author: Jai Lok






