
केन्द्रीय परिवहन मंत्री गडकरी तथा मुख्यमंत्री ने किया मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा की शुरूवात

भोपाल (जय लोक)
आज मध्यप्रदेश में परिवहन सेवा के लिए बड़ी योजना का शुभारंभ केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया। भोपाल के दशहरा मैदान में आज अंतर नगरीय एवं अंतर-राज्यीय बस सेवा के शुभारंभ का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा की शुरूवात रिमोट दबाकर की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए मध्यप्रदेश में बड़े स्तर पर प्रदेशवासियों के लिए बस सेवा प्रारंभ करने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सुगम, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सम्बोधन में कहा कि जनता की सेवा के संकल्प की पूर्ति का आज एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। हमारी सरकार केवल फाइलों से नहीं, बल्कि जनता हितैषी कार्यों से चलती है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प माह मनाया जा रहा है। आज एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर 21 साल बाद मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन बस सेवा पुन: शुरू हो रही है। जनता की सेवा के संकल्प की पूर्ति का आज एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से प्रदेश के हर नगर और हर जिले तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा चरणबद्ध रूप से पहुंचाई जाएगी। यह बस सेवा नगरीय निकायों, शहरों के बीच और दूसरे राज्यों तक आने-जाने के लिए सुगम साधन सिद्ध होगी। हमारी सडक़ परिवहन सेवाओं का लाभ प्रदेश के दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए प्रदेश सरकार ने सेवा का संकल्प लिया है। केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी के माध्यम से प्रदेश में सडक़ों और हाईवे का जाल बिछ रहा है। आज केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी ने उन्होंने प्रदेश में जारी केंद्रीय सडक़ परियोजनाओं की समीक्षा भी की है। आज ही एक टोल को भी फ्री किया गया है।
आज के दौर में इलेक्ट्रिक बसें ईंधन की बचत का बेहतर माध्यम हैं। हमारी सरकार केवल फाइलों से नहीं, बल्कि जनता हितैषी कार्यों से चलती है। जब शहर में बस कॉरिडोर परेशानी बनने लगा, तो उसे हटा दिया गया। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, बस स्टॉप और चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसके साथ ही सुव्यवस्थित नियंत्रण प्रणाली भी लागू की गई है। हमारी सरकार ने भोपाल से यूनियन कार्बाइड के अपशिष्ट का समुचित प्रबंधन और निष्पादन किया है।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन के एक आधुनिक और यूनिक मॉडल की शुरुआत हो रही है। बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बसों में पैनिक बटन और इमरजेंसी डोर की सुविधा रहेगी। जीपीएस मॉनिटरिंग, ऑनलाइन टिकटिंग और शिकायतों के समाधान की व्यवस्था की गई है।
बसों की विभिन्न स्तरों पर मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। बस ड्राइवरों की ट्रेनिंग और सुरक्षा के प्रबंधन भी किए गए हैं। प्रदेश की जनता की सुविधा के लिए सभी 55 जिलों में 3000 से अधिक रूटों का सर्वे कराया गया है। वर्ष 2029 तक सभी रूटों पर बसें दौड़ती नजर आएंगी।
ये बसें प्रमुख शहरों के साथ देश के प्रमुख तीर्थस्थलों और महानगरों तक आवागमन को सुगम बनाएंगी। मध्यप्रदेश सरकार ने बिजली, पानी, सडक़ और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है। अब सुगम यातायात की सुविधा का भी विस्तार किया जा रहा है।
प्रदेश की परिवहन सुविधा में आज स्वर्णिम दिन-लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कनेक्टिविटी, मोबिलिटी और पर्यावरण संरक्षण के साथ सुगम यातायात सुविधा देने वाले देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। प्रदेश में परिवहन सुविधा के क्षेत्र में आज स्वर्णिम दिन है। सर्वसुविधायुक्त बसें प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात हैं। लोक निर्माण विभाग सभी विभागों के साथ समन्वय कर कार्य कर रहा है। सडक़ों के गड्ढे सुधारने के लिए विभाग ने लोकपथ ऐप बनाया है। लोकपथ ऐप नागरिकों के लिए स्मार्ट ट्रैवल पार्टनर बन चुका है। लोकपथ ऐप पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसों की समय-सारणी भी उपलब्ध होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश में जारी हाईवे प्रोजेक्ट्स के निर्माण कार्यों की समीक्षा की है। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने शहपुरा टोल नाके को अस्थायी रूप से बंद करने की मंजूरी दी है।
परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के जरिए प्रदेशवासियों का सपना पूरा हो रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी के कर कमलों से 351 इंटरसिटी एवं इंट्रासिटी बसों की सौगात मिली है। प्रदेश में 21 साल बाद फिर से राज्य परिवहन सेवा की शुरुआत हो रही है। राज्य परिवहन सेवा की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो आज पूरी हो रही है। आज का दिन प्रदेश के इतिहास में ऐतिहासिक है। यह परिवहन सेवा प्रदेश के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनेगी। इस सेवा की शुरुआत में बस मालिकों के हितों का भी ध्यान रखा गया है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा प्रदेशवासियों को बेहतर यात्री परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हेमंत खंडेलवाल
कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर सेवा कार्य के रूप में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बस कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश में सडक़ों का जाल बिछाया है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से प्रदेश की ग्राम पंचायतें भी शहरों से जुड़ेंगी। प्रदेश के किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं सहित सभी नागरिकों को बस सेवा का लाभ मिलेगा। यह सेवा प्रदेश में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम विशेष
मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव और केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी की उपस्थिति में ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के संचालन के लिए मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री मनीष सिंह तथा स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल के निर्देशक प्रोफेसर डॉ कैलाश राव एम के बीच एम ओ यू का आदान-प्रदान हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर लघु फिल्म का प्रस्तुतीकरण एवं पुस्तिका का विमोचन किया गया।

Author: Jai Lok






