
जबलपुर (जय लोक )।कल बीती रात एक भीषण हादसे में एक अधिवक्ता की मौत हो गई एवं एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है । यह हादसा नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के मरचुरी गेट के पास आज शुक्रवार तडक़े हुआ। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सडक़ किनारे स्थित मेकल भोजनालय में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक अधिवक्ता की मौत हो गई, जबकि होटल में सो रहे तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गये। अनियंत्रित कार पर्दा चीरते हुए भोजनालय में प्रवेश कर गई।

भोजनालय संचालक लकी कुशवाहा का कहना है कि घटना सुबह करीब 4 बजे की है। जब वे दुकान खोलने की तैयारी कर रहे थे और पर्दा लगा हुआ था, तभी अचानक तेज आवाज के साथ कार पर्दे को चीरते हुए सीधे होटल के अंदर जा घुसी। उस वक्त अंदर कर्मचारी सो रहे थे, जो कार की चपेट में आ गए। हादसे में घायल एक कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर हो गया है। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

युवा अधिवक्ता की मौत- प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जसूजा सिटी निवासी शरद दुबे अपने दोस्त अधिवक्ता शिवम शर्मा (निवासी धन्वंतरि नगर) के साथ स्विफ्ट कार से जा रहा था। मरचुरी गेट के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर होटल में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शिवम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे शरद दुबे को मामूली चोटें आई हैं।

नशे में वाहन चलने की बात आ रही , जांच में जुटी पुलिस- स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके पर पहुँची पुलिस को बताया कि देख कर यही लग रहा था कि कार सवार युवक शराब के नशे में धुत थे, जिससे चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम (गढ़ा/संजीवनी नगर थाना) मौके पर पहुँची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस कार की रफ्तार, चालक की स्थिति और शराब के सेवन की पुष्टि के लिए विस्तृत जाँच कर रही है।
Author: Jai Lok






