
अवैध तमंचे की टेस्टिंग का लग रहा मामला
पुलिस पूछताछ में अब तक नहीं खुला राज
जबलपुर (जय लोक)। प्रेमसागर चौकी के भोलानगर स्थित भवानी चौक पर शनिवार की शाम को चली गोलियों से गई एक युवक की जान के मामले में पुलिस को अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि गोली साजिश के तहत चलाई गई है या फिर यह महज एक हादसा है। पुलिस को अंदेशा है कि अवैध तमंचे की टेस्टिंग के दौरान यह हादसा हुआ है।
पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी प्रिंस सोनकर को भी हिरासत में ले लिया है लेकिन अब तक उससे भी पूछताछ में पुलिस के हाथ कुछ खास जानकारी नहीं लगी है। प्रिंस बार बार गलती से गोली चलने की बात कह रहा है। शनिवार को प्रेमसागर में रहने वाले करण पावड़े की गोली लगने से मौत हुई थी। जिसमें यह कहा गया कि बाइक से दो अज्ञात युवक आए और बिना किसी से बात किए उस पर गोली चला दी। गोली चलते ही चौराहे पर भगदड़ मच गई थी। मौके पर तीन-चार गोलियां चलाई गई थी। गोली चलाने पर आरोपी बाइक से भाग गए।
घायल ने दिए अलग बयान
वहीं इस मामले में गोली लगने से घायल हुए दूसरे युवक अंकित ने पुलिस को बताया है कि प्रिंस की पिस्तौल से गोली चली थी। जिससे वह और करण घायल हो गए। लेकिन यह गोली साजिश के तहत चलाई गई है या फिर धोखे सेे चली है इस बारे में अभी वह कुछ बोल नहीं पा रहा है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
आरोपी और घायल के बयानों को लेकर पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। क्षेत्रीय लोगों ने हमलावरों के भागने की बात कही थी इसका भी पुलिस पता लगा रही है। वहीं प्रिंस को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पिस्तौल लापता
इस मामले में हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद्र बघेल का कहना है कि पिस्तौल के संबंध में पूछताछ की जा रही है लेेकिन अब तक यह पता नहीं चल सका है कि पिस्तौल लायसेंसी है या फिर अवैध।

हमारा शरीर लघु ब्रह्मांड, इसे स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी : डॉ. मोहन यादव
Author: Jai Lok






