Download Our App

Home » Uncategorized » पेट में अंदर नशीला पदार्थ छिपाकर लाया भारत, एयरपोर्ट पर पकड़ाया

पेट में अंदर नशीला पदार्थ छिपाकर लाया भारत, एयरपोर्ट पर पकड़ाया

एजेंसियों को शक आरोपी अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह से जुड़ा हो सकता है
नई दिल्ली (जयलोक)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो अपने पेट में आधा किलो से ज्यादा संदिग्ध नशीला पदार्थ छिपाकर भारत लाया था। जांच में आरोपी के शरीर से करीब 559 ग्राम पाउडर बरामद किया गया। अधिकारियों को आशंका है कि यह पदार्थ मॉर्फिन, कोकीन या एमडीएमए में से कोई हो सकता है। फिलहाल बरामद पदार्थ की पहचान और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विदेशी यात्री विमान से दिल्ली पहुंचा था। हवाई अड्डे पर उसकी गतिविधियां सामान्य यात्रियों से अलग दिखाई दीं। उसकी आंखों और व्यवहार में असामान्य बदलाव देखकर सुरक्षा एजेंसियों को शक हुआ। इसके बाद एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने उसे रोककर पूछताछ की। अधिकारियों को शक था कि यात्री ने अपने शरीर के अंदर नशीले पदार्थ छिपा रखे हैं। शुरुआती पूछताछ और जांच में शक मजबूत होने पर आरोपी को आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसके पेट से संदिग्ध पदार्थ निकाला गया। जांच में करीब 559 ग्राम पाउडर बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा मामले में कैप्सूल की संख्या और उनके भीतर मौजूद पदार्थ की भी जांच की जा रही है।
एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। तस्करी के इस तरीके में आरोपी नशीले पदार्थों को छोटे पैकेट या कैप्सूल के रूप में निगल लेते हैं और हवाई यात्रा के जरिए एक देश से दूसरे देश पहुंचते हैं। इस तरीके को बेहद खतरनाक माना जाता है, क्योंकि पेट के अंदर छिपाए गए पैकेट के फटने से व्यक्ति की जान भी जा सकती है। बरामद पाउडर की वास्तविक पहचान के लिए वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि इसमें कौन सा मादक पदार्थ मौजूद था।

 

भेड़ाघाट चौराहे पर अवैध उत्खनन में लगे हाईवा ने बाइक सवार को रौंदा

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » पेट में अंदर नशीला पदार्थ छिपाकर लाया भारत, एयरपोर्ट पर पकड़ाया
error: Content is protected !!