भोपाल (जयलोक)। मध्यप्रदेश की प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं में दिसंबर 2026 के पहले सप्ताह में कई चर्चित शादियां होने जा रही हैं। चार आईएएस और दो आईपीएस अधिकारी विवाह के बंधन में बंधेंगे। इनमें इंदौर नगर निगम के दो अपर आयुक्त भी शामिल हैं।
आईएएस अर्थ जैन और आईएएस आशी शर्मा की शादी
इंदौर स्मार्ट सिटी के सीईओ एवं नगर निगम अपर आयुक्त 2021 बैच के आईएएस अर्थ जैन का विवाह 2025 बैच की आईएएस शर्मा से तय हुआ है। आशी वर्तमान में धार जिले में सहायक कलेक्टर हैं। अर्थ जैन ने यूपीएससी में 16वीं रैंक हासिल की थी, जबकि आशी शर्मा ने तीसरे प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा पास की।
आईएएस आशीष और आईपीएस कुहू गर्ग भी बनेंगे जीवनसाथी
इंदौर नगर निगम में अपर आयुक्त 2022 बैच के आईएएस आशीष का विवाह गुजरात कैडर की 2024 बैच की आईपीएस कुहू गर्ग से होगा। कुहू गर्ग उत्तराखंड के पूर्व डीजेपी अशोक कुमार की बेटी हैं। वह अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं और अपने खेल करियर में 56 राष्ट्रीय तथा 19 अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुकी हैं। शादी के बाद उनके मध्यप्रदेश कैडर में आने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आईएएस तनुश्री मीणा और आईपीएस अभिषेक सिर्रा की शादी
बालाघाट जिला पंचायत की सीईओ और 2022 बैच की आईएएस तनुश्री मीणा का विवाह 2024 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक सिर्रा से होगा। अभिषेक बालाघाट में सीएसपी के पद पर पदस्थ बताए गए हैं। दोनों अधिकारी राजस्थान से ताल्लुक रखते हैं। दिसंबर के पहले सप्ताह में होने वाले इन विवाह समारोहों को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चर्चाएं हैं।