
कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह की कार्ययोजना पर अब अन्य जिलों में होगा अमल
जबलपुर (जय लोक)। विगत दिनों जबलपुर में आयोजित हुई लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ संकल्प पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की उपस्थिति में जोरदार इंतजामों और कार्ययोजना के साथ पदयात्रा का सफल संचालन हुआ। इस सफल पदयात्रा के आयोजन ने न केवल महाकौशल में बल्कि पूरे प्रदेश में एक नजीर पेश कर दी है। राजनीतिक गलियारों में अब इस बात की चर्चा सरगर्म है कि जिस प्रकार के इंतजाम और कार्य योजना बनाकर जबलपुर में आयोजित हुई पदयात्रा को एक निर्धारित समय सीमा के अंदर इतना वृहद स्तर प्रदान किया गया वह प्रदेश और देश के भाजपा संगठन में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस पदयात्रा आयोजन की कार्य योजना के निर्माता लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की प्रशंसा खुले मंच से और मुक्त कंठ से दो बार खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी की थी। लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ पदयात्रा ने जबलपुर के व्यस्ततम क्षेत्र में ढाई किलोमीटर से अधिक का सफर तय किया। सैकड़ों मंच बने जिनके माध्यम से मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं पर लगातार पुष्प वर्षा की गई। इन सैकड़ों मंचों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों सहित अन्य संगठनों आदि के माध्यम से हजारों लोगों ने अपने-अपने स्थान पर प्रतीक्षा कर मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सहित कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया।
व्यापारियों के सम्मान के लिए सुरक्षा कर्मियों को लगाई डांट
इस पूरी पदयात्रा का सीधा प्रसारण विभिन्न चैनलों के माध्यम से और कई सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर किया जा रहा था। एक सबसे चर्चित घटना जो बाद में वीडियो क्लिपिंग के रूप में चर्चित हुई और वायरल हुई उसमें साफ नजर आ रहा है कि एक व्यापारी संगठन के पदाधिकारी जो कि मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र पहनकर उनका स्वागत करना चाहते थे को अचानक मुख्यमंत्री के सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया और कुछ हल्की धक्का मुक्की हुई। मुख्यमंत्री के बगल में चल रहे हैं कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने तत्काल इस स्थिति को भाँपा और व्यापारियों के सम्मान की रक्षा करते हुए व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि को मुख्यमंत्री तक सीधे पहुंच तत्काल इशारा कर व्यापारी को मुख्यमंत्री के पास बुलाया और सुरक्षा कर्मियों को डांट लगाई गई। इस प्रकार से व्यवहार ना करें यही जनता और जनप्रतिनिधि सामाजिक लोग मुख्यमंत्री का स्वागत करने सडक़ों पर मौजूद रहे। ऐसे कई प्रतिनिधियों को मंत्री राकेश सिंह ने पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का स्वागत करने का अवसर उपलब्ध कराया जिसके कारण संगठनों में भी प्रसन्नता नजर आई।
यादगार बना वह मैराथन बैठकों का दौर
आयोजन के पूर्व इसकी तैयारी युद्ध स्तर पर की गईं। कुछ स्थानीय होटल में आधे आधे घंटे की विशेष तौर पर विभिन्न संगठनों के साथ लगातार मैराथन बैठकें मंत्री राकेश सिंह ने स्वयं आयोजित की। भाजपा संगठन के संदेश को स्पष्ट रूप से वैचारिक जुड़ाव वाले लोगों तक पहुंचाना और उसके अनुरूप प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री के स्वागत में सबको एकत्रित करना कम समय में बड़ी चुनौती थी। इस चुनौती को मंत्री राकेश सिंह ने न केवल बखूबी स्वीकार किया बल्कि इसके बेहतर परिणाम प्रदेश और देश के समक्ष रखे। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू ने बताया कि इस यात्रा में एक लाख लोगों का एकत्रीकरण हुआ जो अपने आप में बड़ी बात है।
इतने अल्प समय में जिस प्रकार से कार्य योजना बनाकर पदयात्रा के सफल परिणाम सामने आए हैं अब उस कार्य योजना की चर्चा हो रही है और अन्य जिलों में अब मंत्री राकेश सिंह की बनाई गई कार्य योजना और उस पर की गई मेहनत की रूपरेखा पर काम होगा और अन्य जिले भी इसे आत्मसात कर पार्टी संगठन के आंदोलन को आयोजित किया जाएगा।
राकेश सिंह की अगवाई, संगठन की मेहनत, कार्यकर्ताओं का उत्साह : सीएम ने दो बार की मंच से तारीफ
2 नवंबर को आयोजित हुई ऐतिहासिक लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ संकल्प पदयात्रा को बहुत कम समय में अंतिम रूप दिया गया। दिल्ली से भाजपा का फरमान जारी हुआ और जबलपुर का जिम्मा कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह को सौपा गया। मंत्री राकेश सिंह की अगवाई, जिला संगठन की मेहनत, विधायकों जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के उत्साह ने भाजपा की पदयात्रा को सफलता के नए पैमाने पर पहुँचाया। पदयात्रा अपना फेरा पूरा कर जब गोल बाजार में पहुँची तो वहां मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुक्त कंठ से खुले मंच से मंत्री राकेश सिंह एवं उनके सहयोगियों की दो बार तारीफ कर इस सफल आयोजन का श्रेय उन्हें दिया।






