
ग्रामीणों ने खमरिया थाने में दिया धरना
जबलपुर (जयलोक)। खमरिया थाना अंतर्गत दो दिनों से लापता आशीष ठाकुर का पता ना चलने के कारण उसके परिवार वालों और ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए खमरिया थाने के सामने धरना दे दिया। बताया जा रहा है कि आशीष की उम्र दस वर्ष है और वह नहर में डूब गया था। लेकिन दो दिनों बाद भी पुलिस उसे खोज नहीं पाई है। हंगामे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही मौके पर सीएसपी रांझी सतीश साहू पहुंचे और परिजनों से चर्चा की।दो दिन पहले टोपला मोहल्ले के पिपरिया वार्ड नंबर 79 के कुछ बच्चे नहाने के लिए कैनाल में गए थे। इन्हीं में शामिल आशीष भी पानी में नहाने गया था तभी वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथी बच्चों ने इसकी सूचना डर के कारण किसी को ेनहीं दी। बाद में परिवार वालों को बच्चे के कैनाल में डूबने की सूचना मिली जिसके बाद आशीष की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल पर बच्चे के जूते और हाथ का कड़ा मिलने के बाद परिजनों को अनहोनी की पुष्टि हुई। दूसरी ओर बच्चे की मां पूजा ठाकुर और अन्य परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और न ही समय पर गोताखोरों की व्यवस्था की। जब परिजनों ने कल थाने आकर दबाव बनाया, तब जाकर खोजबीन का अभियान शुरू किया गया। परिजनों की मांग है कि पंडुब्बी और आधुनिक उपकरणों की मदद से जल्द से जल्द बच्चे को ढूंढा जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। सीएसपी सतीश साहू के अनुसार, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस टीम लगातार सर्चिंग अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि पानी का बहाव दूसरी दिशा में अधिक होने के कारण बच्चे को ढूंढने में कठिनाई आ रही है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द रेस्क्यू टीमों के माध्यम से बच्चे की तलाश पूरी कर ली जाएगी।

डीजे पर रोक पुलिस का सख्त एक्शन रंग ला रही ‘जय लोक’ की मुहिम





