
काम्बिंग गश्त में गिरफ्तार हुए 225 बदमाश
सिहोरा पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी
जबलपुर (जय लोक)। लंबे समय से फरार चल रहे गुंडे बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कल रात काम्बिंग गश्त का आदेश मिलते ही पुलिसकर्मी बदमाशों को पकडऩे रात दो बजे तक गली मोहल्लों और सडक़ों पर तैनात दिखे। काम्बिंग गश्त में 225 बदमाश पुलिस के हाथ लगे जिन्हें सलाखों के पीछे पहुँचा दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा शहर में कानून व्यवस्था सुदृढ करने एवं अपराधों की रोकथाम हेतु गुंडे, बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध उनके आपराधिक रिकार्ड को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिदिन प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कराई जा रही है वहीं थानों में लंबित वारंटो की तमीली तथा मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कांबिंग गस्त हेतु आदेशित किया गया। जिसमें पुलिसकर्मी रात्रि 9 बजे से रात 2 बजे तक अपराधियों को पकडऩे के लिए अलर्ट दिखे। परिणामस्वरूप 225 बदमाशों को पकड़ा गया। शहरी और ग्रामीण थानों में पदस्थ पुलिसकर्मियों द्वारा दबिश देते हुए कॉम्बिंग गस्त के दौरान कई वर्षों से फरार 110 गैर म्यादी वारिटयों एवं 66 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए तथा 49 जमानती वारंट भी तामील किए गए है।

अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही कांबिंग गस्त के दौरान सक्रिय गुंडे बदमाशों को चेक करते हुए देर रात आने जाने वालों से रोक-टोक पूछताछ एवं रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड के साथ-साथ मुसाफिरखाना में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों की चेकिंग की गई।

Author: Jai Lok






