
मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित
जबलपुर (जयलोक)। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सामाजिक सरोकारों के तहत दिव्यांगजनों के लिए बड़ी सौगात संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस संबंध में महापौर ने बताया कि संवेदनशील प्रशासन की दिशा में कदम उठाते हुए नगर निगम में दिव्यांगजनों के रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया गया है। विशेष भर्ती अभियान के तहत कुल 116 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिनमें 10 नियमित और 106 संविदा पद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इससे दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। महापौर श्री अन्नू ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव के लिए आउटसोर्सिंग व्यवस्था का दायरा बढ़ाया गया है। पहले जहां 4 ठेकेदार पूरी व्यवस्था संभालते थे, वहीं अब 15 ठेकेदारों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इनमें जबलपुर के 7 और मुंबई व नोएडा सहित बाहर के 8 ठेकेदार शामिल हैं। महापौर ने बताया कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण देने के उद्देश्य से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में कार्यरत मौजूदा आउटसोर्स फर्म का कार्यकाल 1 नवंबर से 30 नवंबर तक बढ़ाया गया। संभाग क्रमांक 1 से 16 और मुख्यालय स्तर पर कचरा प्रबंधन, आवश्यक सामग्री व श्रमिकों की आपूर्ति हेतु आमंत्रित निविदा में 17 समूहों के आवंटन व वित्तीय स्वीकृति के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेकराम सोनकर, दामोदर सोनी, श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू सहित अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चैहान, अशफाक परवेज कुरैशी, सहायक आयुक्त कामिनी लिल्हारे, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, सचिव अनिल जोशी, पेंशन प्रभारी दीपक शर्मा और स्थापना विभाग से वरिष्ठ लिपिक वीरू मार्वे आदि उपस्थित रहे।






