
ठेकेदारों पर लगा जुर्माना, अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
जबलपुर (जय लोक)। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आज सुबह खेरमाई, हनुमानताल, संजय गांधी वार्ड तथा अब्दुल हमीद वार्ड की बस्तियों, कॉलोनियों, स्कूल परिसरों और संजीवनी क्लिनिक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य में दिखी लापरवाही पर नाराजगी भी जाहिर की। जिसमें लापरवाह सफाई ठेकेदारों पर जुर्माना ठोकने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद कलीम खान, आयशा परवीन, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, उपायुक्त संभव अयाची और स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा मौजूद रहे।
निगमायुक्त श्री अहिरवार जब हनुमानताल तालाब पहुंचे तो उन्हें रजा चौक में गंदगी दिखी। गंदगी देखकर निगमायुक्त भडक़ उठे और नाराजगी जाहिर करते हुए मौके पर ही ठेकेदार पर जुर्माने के आदेश दिए। इसके साथ ही क्षेत्र प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। निगमायुक्त ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कर्मचारी या ठेकेदार को बख्शा नहीं जाएगा।

सफाई एजेंसियों का सख्त हिदायत
सडक़ों पर अचानक पहुंचे प्रशासनिक अमले को देखकर सफाई अमले में हडक़ंप मच गया।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में हीलाहवाली कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जलभराव की संभावित समस्या को खत्म करने के लिए क्षेत्र के छोटे-बड़े नाले और नालियों की तलीझाड़ सफाई तत्काल प्रभाव से पूरी कराने को कहा। जिन स्थानों पर कचरे का समय पर उठाव नहीं हो रहा, वहां अतिरिक्त वाहन और सफाई कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए गए। स्कूल परिसरों तथा स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की रूपरेखा तय की गई ताकि बच्चों और मरीजों को संक्रमण का खतरा न रहे।

खुले नालों को ढक़ने के आदेश
सघन बस्तियों के भ्रमण के दौरान निगमायुक्त ने दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सभी खुले नालों पर मजबूत स्लैब डालकर उन्हें तत्काल कवर कराने की ताकीद की। नालियों से निकाली गई सिल्ट को सडक़ किनारे छोडऩे के बजाय तुरंत डंपिंग साइट पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सामने रखीं, जिस पर अधिकारियों ने समय-सीमा के भीतर निराकरण का भरोसा दिया। पूरे क्षेत्र में सुबह के वक्त डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन गाडिय़ों की नियमित मॉनिटरिंग के लिए विशेष निगरानी दल गठित किया गया है, जो रोज अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेगा।

बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने आयोजित किया 92 वाँ स्थापना दिवस समारोह
Author: Jai Lok






