Download Our App

Home » Uncategorized » स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गौरव नहीं

स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गौरव नहीं

बिरसा मुंडा ने हमें संगठित होना सिखाया, जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए भी संघर्ष किया
राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ.यादव

जबलपुर (जयलोक)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आज राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह 9.40 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा रवाना होकर 10.15 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचे। मुख्यमंत्री द्वारा अधारताल स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री संपतिया उईके, केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, मंत्री कुंवर विजय शाह, सांसद आशीष दुबे, रामलाल रोटेले, विधायक अशोक रोहाणी, इंदु तिवारी, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमसआईसी सदस्य सहित अन्य मौजूद रहे।
बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यापर्ण – मुख्यमंत्री मोहन यादव एयरपोर्ट से सीधे आधारताल स्थित बिरसा मुंडा चौक पहुंचे जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री मानस भवन में नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता मित्रों के सम्मान समारोह में शामिल हुए और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में हुआ यहां भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जल, जंगल और जमीन के लिए लड़े थे बिरसा मुंडा- मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ  लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए भी संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गौरव नहीं। उन्होंने सभी को संगठित होना सिखाया। हमारा देश, हमारा शासन आज भी जनजातीय समाज के अधिकार और सम्मान का प्रतीक है।
लोकनृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियां
तीन दिवसीय समारोह में मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से जनजातीय कलाकार शामिल हुए हैं। वे पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां दे रहे हैं। इसके अलावा बिरसा मुंडा के जीवन और आजादी की लड़ाई में जनजातीय नायकों के योगदान पर प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और जनजातीय समाज के विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी दे दिए।
सफाईमित्रों के लिए नमस्ते योजना- मानस भवन के प्रेक्षागृह में नगर निगम द्वारा आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने चार सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र और सुरक्षा किट प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। इसके बाद अन्य सफाई मित्रों का भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सम्मान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई के साथ हम सफाई मित्रों का भी ख्याल रख रहे हैं। सफाई मित्रों के साथ अगर हम स्वच्छता की बात करते हैं तो सफाई मित्रों के जीवन को सुरक्षित बनाने के लिए नमस्ते योजना शुरू की है। जिसमें सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और स्वास्थ योजना की सभी सुविधा दी गई है। इसी के साथ सफाई मित्रों को आयुष्मान योजना का लाभ देने का काम भी किया जा रहा है।
जबलपुर को मिलेंगी कई सौगातें- श्री यादव ने जबलपुर के विकास को लेकर कहा कि हाल ही में हमने बड़ा इकॉनॉमी कॉरिडोर की घोषणा की है। जो जबलपुर से भोपाल और इंदौर, उज्जैन तक जाएगा। आने वाला समय जबलपुर का है। जबलपुर को कई सौगातें मिलने वाली हैं।
जबलपुर के प्रति अपने विशेष लगाव- मुख्यमंत्री ने जबलपुर के प्रति अपने विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस शहर की उपलब्धियां उन्हें आनंदित करती हैं। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से जबलपुर को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। शहर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
सीवेज प्रोजेक्ट के लिए 182 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा- उन्होंने महाकौशल क्षेत्र की विशेषता बताते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में जबलपुर की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जबलपुर के लिए सीएनजी वाहनों की संख्या 102 से बढ़ाकर 182 करने तथा सीवेज प्रोजेक्ट के लिए 182 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा का भी उल्लेख किया। इन विकास कार्यों में केंद्र और राज्य सरकार की भागीदारी रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का डुमना एयरपोर्ट पर हुआ आत्मीय स्वागत – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज डुमना एयरपोर्ट आगमन पर जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे, विधायक सुशील तिवारी ‘इंदु’, नीरज सिंह एवं डॉ. अभिलाष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, मध्यप्रदेश तेली घानी बोर्ड के अध्यक्ष रविकरण साहू, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर भाजपा अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, दिव्यांगजन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संदीप रजक सहित नीलेश अवस्थी, पंकज दुबे, रंजीत पटेल, बलराम यादव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों में संभागायुक्त धनंजय सिंह, आईजी प्रमोद वर्मा, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहीं।
विमानताल पर छात्रों के पास पहुँचकर किया संवाद – स्वागत कार्यक्रम के दौरान एक बेहद सुखद क्षण भी देखने को मिला। एयरपोर्ट की कार्यप्रणाली और परिसर का अवलोकन करने पहुंचे पाटन स्थित जैनम हेरिटेज पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं पर जब मुख्यमंत्री की नजर पड़ी, तो वे स्वयं बच्चों के पास पहुंच गए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनके शैक्षणिक भ्रमण के अनुभव पूछे। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए। डॉ. यादव ने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभाशीष प्रदान किया और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
भारत सरकार ने जनजातीय गौरव दिवस मनाने की घोषणा- गौरतलब है कि भारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवम्बर) को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी। आदिवासी समाज में भगवान और ‘धरती आबा’ के रूप में पूजनीय बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत, शोषणकारी व्यवस्था और जमींदारी प्रथा के विरुद्ध ऐतिहासिक क्रांति की। उनका संघषज़् केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदाय के अधिकारों, सांस्कृतिक पहचान और स्वाभिमान की रक्षा का महाआंदोलन था। यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को राष्ट्रीय पहचान देने का माध्यम है। इसका लक्ष्य जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं का संरक्षण करने के साथ-साथ समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर नई पीढ़ी को अपने नायकों की शौर्यगाथा से परिचित कराना है।
महापौर को दी शाबासी : संगमरमर की नगरी से स्वच्छता की नगरी बना जबलपुर-सीएम
(जयलोक)। मानस भवन के प्रेक्षागृह में नगर निगम द्वारा आयोजित सफाई कर्मचारियों के सम्मान समारोह में शामिल होने पहुँचे मुख्यमंत्री ने सभी सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संस्कारधानी पहले न्याय की नगरी कहा जाता था, समय बदला और अब संगमरमर की नगरी स्वच्छता की नगरी भी बनी है। पूरे देश के अंदर जबलपुर सबसे स्वच्छ नगरों की श्रेणी में जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता की मिसाल मिलेगी तो अब जबलपुर से भी मिलेगी। इस उपलब्धि के लिए आज हम असली योद्धाओं आप सभी सफाई मित्रों का सम्मान कर रहे हैं। आम जनता को भी इसमें भागीदार बनाना है। स्वच्छता में आज जहां है उससे भी एक कदम आगे बढऩा है।

 

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गौरव नहीं

Top Headlines

मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा कर महापौर को दी शाबाशी

महापौर के आग्रह पर संस्कारधानी पधारे मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के नायकों का बढ़ाया मान जबलपुर देश का सबसे स्वच्छ शहर

Live Cricket

error: Content is protected !!