
महापौर के आग्रह पर संस्कारधानी पधारे मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के नायकों का बढ़ाया मान
जबलपुर देश का सबसे स्वच्छ शहर बनेगा, सफाई मित्रों के समर्पण को किया नमन-डॉ. यादव
जबलपुर (जयलोक)। स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर जबलपुर का गौरव बढ़ाने वाले सफाई मित्रों के सम्मान में नगर निगम द्वारा भव्य स्वच्छता गौरव उत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस गौरवशाली समारोह में स्वच्छता के असली नायकों सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण वह रहा, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं सफाई मित्रों के बीच पहुँचे और उन पर पुष्पवर्षा कर उनके समर्पण, परिश्रम और सेवाभाव का आत्मीय अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय सम्मान से पूरा हॉल उत्साह, उमंग और गौरव के वातावरण से सराबोर हो उठा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि जबलपुर अब केवल संस्कारधानी ही नहीं, बल्कि स्वच्छताधानी के रूप में भी अपनी नई पहचान स्थापित कर चुका है। स्वच्छता के क्षेत्र में जबलपुर ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जबलपुर आने वाले समय में देश का सबसे स्वच्छ शहर बनकर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सफाई बहनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन बहनों में शीतलामाई के स्वरूप के दर्शन होते हैं।
मुख्यमंत्री की प्रेरणा और महापौर के संकल्प से मिली राष्ट्रीय उपलब्धि- समारोह में स्वागत उद्बोधन देते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि जबलपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में द्वितीय स्थान प्राप्त होना सभी शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विशेष रूप से सफाई मित्रों के अथक परिश्रम का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा, मार्गदर्शन और सकारात्मक सहयोग से जबलपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में यह गौरवशाली उपलब्धि हासिल की है।महापौर ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि जबलपुर के प्रत्येक देव तुल्य नागरिक और उन हजारों सफाई मित्रों का है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर शहर की स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी और सेवा का संकल्प बनाया। महापौर ने कहा कि स्वच्छता गौरव उत्सव ने यह संदेश दिया कि शहर की स्वच्छता केवल व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता, जनभागीदारी और समर्पित सेवाभाव का परिणाम है। इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, विधायक अभिलाष पांडे, विधायक नीरज सिंह, विधायक संतोष बडक़ड़े, निगम अध्यक्ष रिंकू विज,वरिष्ठ पदाधिकारी अखिलेश जैन, महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी, संभागीय आयुक्त धनंजय सिंह, आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं निगमायुक्त अग्रिम कुमार एम आई सी सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश साहू, डॉ सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, दामोदर सोनी,श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव एवं समस्त पार्षदगणों सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं दुनियाभर में ठप्प होने से मच गया हड़कंप




