
23 लाख नगद, 700 ग्राम सोना अन्य संपत्ति के दस्तावेज मिले
छिंदवाड़ा (जय लोक) । आज शनिवार सुबह लोकायुक्त भोपाल की दो टीमों ने एक साथ छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा के सरकारी आवासों पर छापा मारा। सूत्रों के अनुसार अब तक 23 लाख रुपए नकद, करीब 700 ग्राम सोने के जेवर और होटल-रिसॉर्ट से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने की बाद हो रही है। लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार पचमढ़ी में और डीएसपी अजय मिश्रा छिंदवाड़ा में टीम के साथ जांच कर रहे हैं। एसपी पाटीदार ने बताया कि संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर दोनों जगह एक साथ तलाशी ली गई। इस दौरान नकदी, सोने-चांदी के जेवर और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कुल संपत्ति का आकलन हो सकेगा।

मकान में दो अलमारियां बंद मिलीं
संजीव शर्मा फिलहाल पचमढ़ी में पदस्थ हैं। छापे के दौरान वे अपने सरकारी आवास पर मौजूद हैं। वहीं, छिंदवाड़ा की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके मकान में दो अलमारियां बंद मिली हैं। बताया गया है कि उनकी चाबियां संजीव शर्मा के पास हैं।

होटल-रिसॉर्ट और दूसरी संपत्तियों की भी जांच
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संजीव शर्मा के पचमढ़ी में होटल और रिसॉर्ट होने की बात सामने आई है। छिंदवाड़ा और होशंगाबाद में प्लॉट और अन्य संपत्तियों की जानकारी भी मिली है। इनमें दुकानें भी शामिल हो सकती हैं। लोकायुक्त टीम इनसे जुड़े दस्तावेज के साथ बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। तलाशी के दौरान नकदी, सोने-चांदी के जेवर और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
2001 में शुरू की थी नौकरी
संजीव शर्मा ने वर्ष 2001 में पेंच टाइगर रिजर्व में रेंजर के रूप में नौकरी शुरू की थी। इसके बाद वे दो साल तक कान्हा नेशनल पार्क में पदस्थ रहे। वहां से उनका तबादला पचमढ़ी हुआ। पचमढ़ी में रेंजर रहते हुए ही वे पदोन्नत होकर स्ष्ठह्र बने। उनका ज्यादातर सेवाकाल पचमढ़ी में ही बीता है। संजीव शर्मा के घर से वाहनों के दस्तावेज भी जांच में लिए गए हैं।
स्कॉर्पियो, बुलेट और स्कूटी का नंबर 3773
संजीव शर्मा के वाहनों के नंबर भी चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि उनके पास मौजूद स्कॉर्पियो, बुलेट और इलेक्ट्रिक स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर में 3773 अंक समान हैं। इस नंबर को उनका लकी नंबर बताया जा रहा है।
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं दुनियाभर में ठप्प होने से मच गया हड़कंप




