Download Our App

Home » भारत » नीट री-एग्जाम तक भारत में टेलीग्राम पर रहेगी रोक

नीट री-एग्जाम तक भारत में टेलीग्राम पर रहेगी रोक

21 को परीक्षा, 22 जून तक एप काम नहीं करेगा

नई दिल्ली। भारत सरकार ने नीट की दोबारा परीक्षा को लेकर भारत में टेलीग्राम मैसेजिंग एप के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश दिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने आज मंगलवार को प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी। एनटीए ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून, 2000 की धारा 69ए के तहत टेलीग्राम पर रोक लगाई है। यह रोक 22 जून 2026 तक रहेगी। हालांकि आदेश कब से लागू होगा, इसकी तारीख नहीं दी गई है। नीट री-एग्जाम 21 जून को होगा। सरकार ने एग्जाम के बाद भी टेलीग्राम को अपना मैसेज एडिट फीचर 30 जून तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यानी भारत में टेलीग्राम पर पहले से भेजे गए मैसेज 30 जून तक एडिट नहीं हो पाएंगे।

एनटीए के मुताबिक कुछ लोग टेलीग्राम का इस्तेमाल परीक्षाओं में पेपर लीक होने के फर्जी सबूत बनाने के लिए करते रहे हैं। ऐसे मामलों को रोकने और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। एनटीए ने कहा कि इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने कई टेलीग्राम चैनल, ग्रुप और बॉट्स को हटवाया है। ये प्लेटफॉर्म नीट उम्मीदवारों को गुमराह करने और पेपर लीक का दावा करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। पिछले कुछ हफ्तों में टेलीग्राम पर ‘पेपर लीक्ड नीट 2026 और री-नीट 2026 और नीट माफिया जैसे नामों वाले चैनल चल रहे थे। ये उम्मीदवारों और उनके परिवारों से लाखों रुपए तक मांग रहे थे। एनटीए ने स्पष्ट किया कि ऐसे सभी दावे फर्जी हैं। एनटीए के मुताबिक, टेलीग्राम का एडिट फीचर पुराने संदेशों में बाद में फाइल जोडऩे की इजाजत देता है। कुछ लोग परीक्षा के बाद पेपर जोडक़र यह दिखाने की कोशिश करते थे कि पेपर पहले से लीक हो गया था। इसी वजह से एडिट फीचर बंद कराया गया है।
राज्य पुलिस एजेंसियों ने भी इस तरह की धोखाधड़ी के खिलाफ कार्रवाई की है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने 9 जून को चेतावनी जारी की थी। वहीं अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जो 8 टेलीग्राम चैनलों के जरिए ठगी कर रहा था। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला कि एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह ने फर्जी बैंक खातों के जरिए करीब 1.5 करोड़ का लेनदेन किया। गिरोह ने एक महीने में करीब एक हजार मोबाइल नंबरों से संपर्क किया था।

एनटीए ने कहा है कि टेलीग्राम पर लगी रोक से लाखों लोग प्रभावित होंगे, जो इसका इस्तेमाल पढ़ाई, नौकरी, निजी बातचीत और जानकारी हासिल करने के लिए करते हैं। एजेंसी ने असुविधा के लिए लोगों से माफी मांगी है। एनटीए ने कहा कि अगर किसी को पेपर दिलाने, परीक्षा में मदद कराने या किसी अन्य तरह का ऑफर मिले तो उसकी जानकारी तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दें।

3:15 घंटे का होगा, 4 रफ वर्क शीट मिलेंगी
एनटीए ने नीट-यूजी रीएग्जाम में कुछ बदलाव किए हैं। जारी नई गाइडलाइंस के मुताबिक, परीक्षा का समय अब 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। इसके अलावा आंसर शीट में रफ वर्क के लिए भी जगह बढ़ाई गई है।

क्या समय आ गया है…?, चोरों को पकडऩे वालों की भी अब चोरों की तरह होगी निगरानी फिर भी लोकायुक्त में पदस्थापना का लालच नहीं छूटता, 100 से 98 कार्यवाहियाँ केवल बाबू, पटवारी, आरआई, सिपाही, हवलदार तक सीमित

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » भारत » नीट री-एग्जाम तक भारत में टेलीग्राम पर रहेगी रोक

Top Headlines

Live Cricket