
कांग्रेस, भाजपा सहित राज्य सरकार के मंत्रियों ने जताई संवेदना
रांची। जमशेदपुर में गुरुवार सुबह हुए एक भीषण सडक़ हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह सहित चार लोगों की दुखद मौत पर पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और राज्य सरकार के मंत्रियों ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीडि़त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू और अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने तृषा सिंह के असामयिक निधन को अत्यंत हृदयविदारक और स्तब्ध करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता और पूरी प्रदेश कांग्रेस इस कठिन समय में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह व उनके शोकाकुल परिवार के साथ है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सडक़ दुर्घटना में बच्ची के निधन पर मर्माहत होकर ईश्वर से शोकाकुल परिवार को असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। राज्य सरकार के कई मंत्रियों जिनमें राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, संजय यादव और दीपक बिरुआ शामिल हैं, ने भी अलग-अलग बयानों में गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक स्वर में कहा कि संतान को खोना किसी भी माता-पिता के लिए अपूरणीय क्षति और असहनीय पीड़ा है। सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत बनाए रखने की कामना की है।
Author: Jai Lok






