
कहा लगातार होनी चाहिए कार्यवाही, 90 प्रतिशत डीजे बज रहे अवैध
जबलपुर (जयलोक)। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने इन दिनों तेज आवाज कान फोड़ देने वाले डीजे के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही शुरू की है। इस कार्यवाही का संस्कारधानी के बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों के अभिभावकों ने स्वागत किया है क्योंकि सबसे अधिक परेशानी तेज आवाज और कान फोड़ कर रख देने वाले डी जे से इन्ही लोगों को होती आ रही है। शहर के 90 प्रतिशत डीजे संचालकों के पास चल रहे कार्यक्रमों में डीजे बजाने की अनुमति नहीं है। ऐसी स्थिति में इनका जप्त तो होना तय है।

लगातार की जा रही है कार्यवाही

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि सुप्रीम कोर्ट एवं उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों की उपयोग की अनुमति दी जाएगी। इसकी अव्हेलना करने वाले बड़े-बड़े वाहनों पर डीजे की दीवार टांगकर आम आदमी को जान का खतरा तक उत्पन्न करने वाले डीजे जप्त किए जाएंगे और संचालकों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी यह क्रम लगातार जारी रहेगा।
समितियों ने भी आगे आकर दिया समर्थन
तेज आवाज में बजने वाले डीजे से बजनेे वाले देवी गीतों और श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों के मद्देनजर इस बार दैनिक जय लोक की इस मुहिम को संस्कारधानी की कई समितियों ने भी खुला समर्थन दिया है। प्रशासन के आवाहन के बाद नगर की प्रमुख समितियां आगे आई हैं और उन्होंने तेज आवाज में बजने वाले डीजे के विरोध में प्रशासन को अपना समर्थन दिया है।
डीजे पर रोक पुलिस का सख्त एक्शन रंग ला रही ‘जय लोक’ की मुहिम





