
गोरा बनाने वाली दो क्रीमों से18 महिलाओं की किडनी खराब
जबलपुर (जयलोक)। पाकिस्तान में बनी महिलाओं को गोरा करने वाली दो क्रीमों के उपयोग से 18 महिलाओं की किडनी और त्वचा संबंधित बीमारियाँ होने के बाद पूरे प्रदेश में हडक़ंप मच गया है। आनन फानन में अब पाकिस्तान की बनी दो क्रीम गोरी और चांदनी ब्यूटी क्रीम को बैन कर दिया गया है। साथ ही जबलपुर सहित मध्य प्रदेश में ड्रग एसोसिएशन ने भी निर्देश जारी कर इसकी बिक्री को तत्काल रोकने और स्टॉक हटाने के निर्देश दिए हैं।
मध्य प्रदेश के खाद एवं औषधि प्रशासन अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तान में बनी गोरी ब्यूटी और चांदनी व्हाईटनिंग क्रीम में निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुओं का होना पाया गया है। जबलपुर कैमिस्ट ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष आजाद जैन, पूर्व सचिव चंद्रेश जैन ने बताया कि इस बात की सूचना जबलपुर के सभी दुकानदारों को दे दी गई है। शासन ने भी जिला औषधी निरीक्षकों को इन उत्पादों की आवाजाही पर पैनी नगर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुकानदारों को भी इनकी बिक्री वितरण और विज्ञापन नहीं करने की चेतावनी दी गई है। विगत दिनों लगातार महिलाओं की किडनी खराब होने के मामले सामने आने के बाद इस क्रीम का बड़ा स्टॉक भोपाल और इंदौर से जप्त किया गया था। सूत्रों के अनुसार इन उत्पादों में लैड और मरकरी जैसे भारी धातुओं की मात्रा कई सौ गुना ज्यादा मिली है।
पाकिस्तान में बनी इस गोरा बनाने का दावा करने वाली क्रीम को बाजारों में और ऑनलाइन बेची जा रही है। इससे उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं। ‘गोरी’ नाम से बेची जा रही यह क्रीम मध्य प्रदेश भर की कॉस्मेटिक दुकानों, ई-कॉमर्स वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। प्रदेश की पुलिस ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि यह उत्पाद भारतीय बाजार में कैसे आया, इसके सप्लायर कौन हैं, और प्रतिबंधों के बावजूद यह खुदरा दुकानों तक कैसे पहुंच गया। मेड इन पाकिस्तान (पाकिस्तान में निर्मित) लेबल वाली यह क्रीम 150 से 800 रुपये तक की कीमत में बेची जा रही है।
किडनी के लिए खतरनाक है ये क्रीम
पारा एक जहरीली भारी धातु है। लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं, जो किडनी, तंत्रिका तंत्र और मस्तिष्क को प्रभावित कर सकती हैं। इसके दुष्प्रभाव तुरंत सामने नहीं आते, जिस वजह से उपभोक्ताओं को यह पता ही नहीं चलता कि लगातार इस्तेमाल से उन्हें कितना नुकसान हो रहा है। डॉक्टर ने बताया कि मरकरी मेलेनिन के उत्पादन में बाधा डालता है। मेलेनिन ही वह तत्व है जो त्वचा का रंग तय करता है, और इसके कम होने से त्वचा का रंग हल्का दिखने लगता है। हालाँकि यह त्वचा के स्वास्थ्य में कोई प्राकृतिक सुधार नहीं है, और क्रीम का इस्तेमाल बंद करने पर इसका असर खत्म हो सकता है।
भ्रामक विज्ञापन और बिना प्रिस्क्रिप्शन के ऐसी क्रीमों की बिक्री पर लगनी चाहिए रोक: डॉ. लोकवानी
गोरा बनाने वाली क्रीमों के नाम से बाजार में ऐसे कई उत्पाद मौजूद हैं जो स्ट्राइड सहित घातक कैमिकल के उपयोग से निर्मित किए जाते हैं और जब महिलाएं या पुरूष इसे उपयोग करते हैं तो इसके बेहद घातक परिणाम सामने आते हैं। यह महत्वपूर्ण जानकारी जानेमाने त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर हितेश लोकवानी ने जयलोक के सवालों के जवाब में साझा किए हैं। डॉक्टर लोकवानी ने कहा कि प्रकार के नुकसान की स्थिति को टॉपिकल स्ट्राइड डेमेज फेस कहते हैं। इन क्रीमों का नुकसान काफी रहता है। चेहरे पर लगाई जाने वाली यह क्रीम शरीर अवशोसित कर खून के माध्यम से किडनी तक पहुँचाता है और इसके घातक कैमिकल किडनी, त्वचा सहित अन्य अंगों पर भी दुष्प्रभाव छोड़ रहे हैं। ऐसी क्रीमों को बिना डॉक्टर के पर्चे के रुकना चाहिए। इसके साथ ही गोरा बनाने वाली क्रीमों के भ्रामक विज्ञापन के प्रसार प्रचार पर भी रोक लगनी चाहिए क्योंकि अप्रमाणित क्रीमों का उपयोग बहुत घातक होता है इससे मरीजों के चेहरे पर लालपन, त्वचा पतली होना, नसों का उभरकर बाहर आना और चेहरा काला पड़ जाना जैसे घातक परिणाम सामने आते हैं। रिश्तेदारों, परिचितों और ऑनलाईन उत्पादों के प्रचार प्रसार के कारण लोग भ्रामक जानकारियों का शिकार होकर अपना नुकसान कर रहे हैं।

श्रीराम कॉलेज में लव जिहाद, बलात्कार और अब संचालक करसोलिया पर लगा युवक से दैहिक शोषण का आरोप




