
भोपाल-इंदौर समेत देश में 33 ठिकानों पर छापे
भोपाल (जय लोक)। जांच एजेंसी सीबीआई की अलग-अलग यूनिटों ने महादेव ऑनलाइन सट्टा (बेटिंग) ऐप मामले में भोपाल और इंदौर समेत देश के 6 राज्यों के कुल 33 ठिकानों पर छापे मारे हैं। शनिवार को जांच एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मुख्य आरोपी और ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की। सौरभ को सीबीआई इसी माह की 1 तारीख को ओमान से भारत लेकर आई थी। सीबीआई द्वारा रायपुर में की गई पूछताछ के दौरान इस ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के अन्य सदस्यों की अहम जानकारी मिली थी। इसके बाद सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने भोपाल और इंदौर के साथ अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, रायपुर, दुर्ग, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर में छापे मारे। ये सभी ठिकाने मुख्य रूप से अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के लिए पैनल ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहे थे। सीबीआई ने रायपुर में सौरभ को अदालत में पेश किया गया जहां ईडी ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर अपनी हिरासत में ले लिया है।

भोपाल से है गहरा कनेक्शन चार ठिकानों पर दबिश: सीबीआई के सूत्रों के मुताबिक भोपाल में सौरभ चंद्राकर के दो करीबी सहयोगियों समेत मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े चार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी।
सीबीआई की टीम ने लालघाटी स्थित एक ट्रैवल एजेंसी समेत एयरपोर्ट रोड, पुराना भोपाल और बैरागढ़ स्थित एक मकान पर भी जाकर पड़ताल की है। ये दोनों सहयोगी सौरभ चंद्राकर को ऐप के जरिए मिलने वाली रकम को ठिकाने लगाने और विदेश भेजने में मदद करते थे।

इससे पहले ईडी की रायपुर यूनिट टीम इन दोनों को रडार पर ले चुकी है और हवाला ट्रांजेक्शन को लेकर गिरीश को गिरफ्तार भी किया गया था। इन दोनों के बैंक खातों में करोड़ों का ट्रांजेक्शन भी मिला था।
तलरेजा और रतनलाल फिर रडार पर
दो साल पहले इस मामले के खुलासे के बाद ईडी ने महादेव सट्टा ऐप मामले में भोपाल से गिरीश तलरेजा को मार्च के महीने में गिरफ्तार किया था, जबकि दूसरा साथी रतनलाल जैन उर्फ अमन फरार हो गया था।
श्रीराम कॉलेज में लव जिहाद, बलात्कार और अब संचालक करसोलिया पर लगा युवक से दैहिक शोषण का आरोप




